इस दिन केले के खंभे, आम अथवा अशोक के पल्लव आदि से घर का द्वार सजाया जाता है । दरवाजे पर मंगल कलश एवं मूसल स्थापित करे। रात्रिमें भगवान् श्रीकृष्ण की मूर्ति अथवा शालीग्राम जी को विधिपूर्वक पंचामृत से स्नान कराकर विष्णु पूजन करना चाहिऐ ।
‘ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ‘ – इस मन्त्र से पूजन कर तथा वस्त्रालंकर आदि से सुसज्जित करके भगवान को सुन्दर सजा कर प्रतिष्ठित करे । धूप, दीप और अन्नरहित नैवेध तथा प्रसूति के समय सेवन होने वाले सुस्वाद मिष्ठान, एवं उस समय उत्तपन्न होने वाले विभिन्न प्रकार के फल, पुष्पों और नारियल, छुहारे ,अनार बिजौरे, नारियल के मिष्ठान तथा नाना प्रकार के मेवे का प्रसाद सजाकर श्री कृष्ण भगवान को अर्पण करे।
दिन में भगवान की मूर्ति के सामने बैठकर कीर्तन करे तथा भगवान का गुणगान करे और रात्रि को बारह बजे गर्भ से जन्म लेने के प्रतीक स्वरुप खीरा फोड़कर भगवान् का जन्म कराये एवं जन्मोत्सव मनाये । जन्मोत्सव के पश्चात कर्पूरादी प्रज्वलित कर समवेत स्वर से भगवान् की आरती स्तुति करे, पश्चात प्रसाद वितरण करे।






