GURU TEGH BAHADUR JI PRAKASH PURAB

वैशाख कृ. अमावस्या
भारत की भूमि ना केवल महान लोगों की जन्मस्थली रही है, बल्कि बलिदान और कुर्बानी के लिए भी भारत के सपूत कभी पीछे नही रहे है। उनमें से एक शख्सियत है, सिखों के नौवे गुरु श्री तेग बहादुर। उन्होंने हिन्दु धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने विश्व को प्रेम, त्याग और शांति का सन्देश दिया।
गुरु तेग बहादुर का जन्म-
उनका जन्म बैसाख कृष्ण पक्ष पंचमी संवत 18 अप्रैल, 1621 ई. को पंजाब के अमृतसर नगर में हुआ था। उनके पिता श्री हरगोविंद साहिब और माता जी का नाम नानकी था। उनके पिता श्री हरगोविंद साहिब छठे गुरु थे और उनका बचपन का नाम "त्यागमल" था। बचपन से ही बालक त्यागमल की रुचि आध्यात्मिक विषय में थी। लेकिन पिता श्री हरगोविंद साहिब को नन्हें बालक त्यागमल की वीरता का उस समय ज्ञान हुआ, जब मुगलों से युद्ध करते हुए 14 साल के त्यागमल ने युद्ध मैदान मंआ डट कर मुकाबला किया। पिता ने उनकी वीरता से प्रभावित होकर उनका नाम "त्यागमल" से बदल कर "तेग बहादुर" रख दिया जिसका अर्थ होता है- "तलवार के धनी" अर्थात "जो तलवार चलाने और दुश्मनों के छक्के छुड़ाने में माहिर हो..." लेकिन इस युद्ध के बाद उन्हें इस बात का भी ज्ञान हो गया था की संसार को रक्तपात करके नहीं जीता जा सकता है, इसे जीता जा सकता है तो... सिर्फ प्रेम और बलिदान से।
श्री गुरु तेग बहादुर जी की साधना-
गुरु तेग बहादुर ने करीब 20 सालों तक बाबा बकाला नाम के स्थान पर साधना की। उन्होंने धैर्य, वैराग्य और त्याग को अपना लिया था। ज्ञान मिलने के बाद उन्होंने धर्म के प्रसार के लिये घूमना शुरू किया। लोगों को धर्म के बारे में बताना शुरू किया। वे अपने विचारों का प्रचार करते हुए आनंदपुर साहब से कीरतपुर, रोपण, सैफाबाद, खिआला, कुरुक्षेत्र, प्रयाग, बनारस, पटना, असम आदि क्षेत्रों में गए। उन्होंने आध्यात्मिक ज्ञान देने के साथ-साथ सामाज के विकास के लिए आर्थिक और रचनात्मक कार्यों के दरवाजे भी खोले । उन्होंने रूढ़ियों और अंधविश्वासों के स्थान पर नये आदर्श स्थापित किए। उन्होंने लोगों को बताया की धर्म का अर्थ सिर्फ दान देना या फिर कीर्तन सुनने तक सीमित नही है। धर्म कुएँ खुदवा कर और धर्मशालाएँ बनवा कर , परोपकार से भी निभाया जाता हैं।
गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान-
श्री तेग बहादुर जी मात्र अपने ज्ञान के लिए नहीं, अपितु अपने बलिदान के लिए भी जाने जाते हैं। औरंगज़ेब एक हठधर्मी शासक था और वह चाहता था की सभी लोग इस्लाम धर्म अपना ले ताकि उसका एकछत्र राज हो जाए... औरंगज़ेब को गीता का ज्ञान था और उसे इस बात की भी जानकारी थी प्रत्येक धर्म अपने आप में महान होता है लेकिन अपनी हठधर्मिता के कारण वह ये बात स्वीकार नहीं करना चाहता था। वह अपने के धर्म के अलावा किसी दूसरे धर्म की प्रशंसा सहन नही कर सकता था और इसी वजह से उसने सबको इस्लाम धर्म अपनाने का फरमान निकाल दिया– "सबसे कह दो या तो इस्लाम धर्म कबूल करें नहीं तो मौत को गले लगा लें।' जब काफी कोशिशों के बाद भी औरंगजेब ने अपने फरमान में कोई बदलाव नही किया तो आखिरकार परेशान कश्मीर के पंडित गुरु तेग़ बहादुर जी के पास आए और उन्हें बताया कि किस प्रकार इस्लाम धर्म को स्वीकार करने के लिए उन्हें किस तरह लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है.. गुरु तेग़ बहादुर जी जब लोगों की व्यथा का समाधान ढूंढ रहे तभी उनके 9 वर्षीय पुत्र गोविंद राय (जिन्हें गुरु गोविंदसिंह के नाम से भी जाना जाता है) ने पिताजी की ओर देख कर परेशानी का कारण पूछा तो पिताजी ने उन्हें सारी बात बतायी। इस पर बालक गोविंदराय बोले "पिताजी धर्म की रक्षा के लिए आपको बलिदान देना होगा। आपसे महान पुरुष कोई नहीं है, आप ही बलिदान देकर इन सबके धर्म को बचाइए"। उस नन्हें बालक की बातें सुनकर वहाँ मौजूद लोग हैरान हो गये कि वो ऐसा कैसे कह सकते है। औरंगज़ेब के पास ये सन्देश पहुचाया गया कि – "यदि गुरू तेग बहादुर जी इस्लाम धर्म ग्रहण कर लें तो, सभी लोग इस्लाम धर्म ग्रहण कर लेंगे....लेकिन यदि गुरु तेग़ बहादुर जी से इस्लाम धारण करवाने में असफलता प्राप्त होती है तो, हम इस्लाम धर्म धारण नहीं करेंगें" । औरंगज़ेब ने यह चुनौती स्वीकार कर ली। इसके बाद गुरु तेग़ बहादुर दिल्ली में औरंगज़ेब के दरबार में स्वयं हाजिर हुए। औरंगज़ेब ने उन्हें इस्लाम अपनाने के लिये बहुत से लालच दिये गये। लेकिन श्री गुरु तेग़ बहादुर जी के ऊपर किसी भी बात का कोई असर नही हुआ। औरंगजेब ने क्रोध में पागल होकर हिंसा का रास्ता अपना लिया। उसने तेग बहादुर जी को कैद करने के आदेश दे दिये और औरंगजेब का मनोबल तोड़ने के लिए उनके प्रिय दो शिष्यों को भयानक मौत दी। लेकिन इससे भी वह उनका मनोबल नही तोड़ पाये। श्री गुरू तेग बहादुर जी ने औरंगजेब की हार पर कहा कि- 'यदि तुम ज़बर्दस्ती लोगों से इस्लाम धर्म ग्रहण करवाओगे तो, तुम सच्चे मुसलमान नहीं हो सकते क्योंकि इस्लाम धर्म यह शिक्षा नहीं देता कि किसी पर जुल्म करके मुस्लिम बनाया जाए...। ये बात सुनकर औरंगजेब इतना तिलमिला गया कि उसने दिल्ली के चांदनी चौक पर श्री तेग बहादुर जी का सिर कलम करने का आदेश दे दिया। सन् 1675 में धर्म की रक्षा के लिये वो शहीद हो गये। गुरु तेग़ बहादुरजी की याद में ही उनके 'शहीदी स्थल' पर 'शीश गंज साहिब' गुरुद्वारा बना है।
श्री गुरु तेग बहादुर जी की रचना –
गुरु तेग़ बहादुर जी ने बहुत-सी रचनाएँ लिखी हैं। उन्होंने शुद्ध हिन्दी में सरल और भावयुक्त 'पदों' और 'साखी' की रचनायें की। गुरु तेगबहादुर सिंह जी के द्वारा रची गयी बाणी के 15 रागों में 116 शबद (श्लोकों सहित) श्रीगुरु ग्रंथ साहिब में सवर्णिम अक्षरों में वर्णित हैं।





