प्राचीनकाल में जीमूतवाहन नामक का एक राजा था। बह बहुत धर्मात्मा, परोपकारी, दयालु, न्यायप्रिय तथा प्रजा को पुत्र की भाँति प्यार करने वाला राजा था। एक बार शिकार करने के लिए मलयगिरि पर्वत पर गए और वहाँ उनकी मूलाकात मलयगिरि की राजकुमारी मलयवती से हुई, जो की वहाँ पर पूजा करने के लिए सखियों के साथ आई थी। दोनों एक दूसरे को पसंद आ गए तथा वहीं पर मलयवती का भाई भी आया हुआ था। राजकुमारी मलयवती का पिता बहुत दिनों से राजा जीमूतवाहन से अपनी बेटी का विवाह करने की चिन्ता में था। अतः जब मलयवती के भाई को पता चला की राजा जीमूतवाहन और मलयवती एक दूसरे को चाहते हैं तो वह बहुत खुश हुआ, और अपने पिता को यह शुभ समाचार देने के लिए चला गया।
इधर मलयगिरि की चोटियों पर घूमते हुए राजा जीमूतवाहन ने दूर से किसी औरत के रोने की आवाज सुनी, जब राजा उनके पास गऐ तो उन्होंने वहां नाग माता को देखा। नाग माता को रोता देख उनका दयालु हृदय विह्वल हो उठा। वह उस औरत के समीप पहुँचे और उससे पूछने पर पता चला की पूर्व प्रतिज्ञा के अनुसार उसके एकलौते पुत्र शंखचूर्ण को आज गरुड़ के आहार के लिए जाना पड़ेगा। नागों के साथ गरुड़ का जो समझौता हुआ था उसके अनुसार मलयगिरि के शिखर पर रोज एक नाग गरुड़ आहार के लिए पहुँच जाया करता था। शंखचूर्ण की माता की यह विपत्ति सुनकर जीमूतवाहन का हृदय सहानुभूति और करुणा से भर गया, क्योंकि शंखचूर्ण ही उसके बुढ़ापे का एक मात्र सहारा था। जीमूतवाहन ने शंखचूर्ण की माता को आश्वासन दिया की- माता आप चिंता न करें मैं स्वयं आपके बेटे के स्थान पर गरुड़ का आहार बनने को तैयार हूँ।
राजा जीमूतवाहन ने नाग माता को प्रणाम कर विदाई की आज्ञा माँगी तथा तुरंत गरुड़ के आहार के लिए पर्वत शिखर पर पहुंच गऐ। उधर समय पर गरुड़ जब अपने भोजन के लिए शिखर पर आया और बड़ी प्रसन्नता से इधर-उधर देखते हुए अपने भोजन पर चोंच लगाई तो उसकी प्रतिध्वनि से संपूर्ण शिखर गूँज उठा। राजा जीमूतवाहन के दृढ़ अंगों को पड़कर गरुड़ की चोंच को भी बड़ा धक्का लगा तथा यह भीषण स्वर उसी धक्के से उत्पन्न हुआ था। गरुड़ का सिर चकराने लगा और थोड़ी देर बाद जब गरुड़ को थोड़ा होश आया तब उसने पूछा- आप कौन हैं।
राजा जीमूतवाहन ने अपना परिचय दिया और बोले नाग की माता का दुख मुझसे देखा नहीं गया इसलिए मैं उसकी जगह आपका भोजन बनने के लिए आ गया हूँ, आप निःसंकोच मुझे खाइए। पक्षिराज गरुड़ जीमूतवाहन के यश और शौर्य के बारे में जानता था, उसने राजा को बड़े सत्कार से उठाया और उनसे अपने अपराधों की क्षमा-याचना करते हुए कोई वरदान माँगने का अनुरोध किया।
गरुड़ की बात सुनकर प्रसन्नत्ता और कृतज्ञता की वाणी में राजा ने कहा- मेरी इच्छा है की आपने आज तक जितने नागों का भक्षण किया है, उन सबको अपनी संजीवनी विद्या के प्रभाव से जीवित कर दें, जिससे शंखचूर्ण की माता के समान किसी की माता को दुःख का अवसर न मिले। गरुड़ ने राजा को वचन दिया और अपनी अमोघ संजीवनी विद्या के प्रभाव से समस्त नागों को जीवित कर दिया।
तत्पश्चात राजा जीमूतवाहन वापस लौट कर राजकुमारी मलयवती के साथ धूमधाम से विवाह किया। यह घटना आश्विन महीने के कृष्ण अष्टमी के दिन ही घटित हुई थी, तब से लेकर आज तक अपने पुत्र-पुत्रियों के दीर्घायु होने की कामना करते हुए स्त्रियाँ बड़ी निष्ठा और श्रद्धा से जिउतिया व्रत करती हैँ।
Tags:-
Jitiya Vrat, Bhakti, Bihar Festival, King Jimutvahan, Married Women, Son’s Long-Life, Naag Mata, Garur, Jivitputrika Vrat,जिउतिया व्रत, राजकुमारी मलयवती