।। नागपंचमी का महत्व ।।
Posted by:
Snehaghai
2015-08-18 11:46:42
733 Views
नागपंचमी का पर्व श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी को मनाया जाता है। हिंदू धर्म के लोग इस दिन नाग को देवता मानकर उनकी पूजा करते हैं। इस बार यह पर्व 19 अगस्त, दिन बुधवार 2015 को है। पुराणों के अनुसार इस दिन नाग दर्शन व पूजन का विशेष फल मिलता है। लोगो का ऐसा मानना है कि जो भी इस दिन नागों की पूजा करता है उसे कभी सर्प भय नहीं होता और न ही उसके परिवार में किसी को नागों द्वारा काटे जाने का भय सताता है।
नागपंचमी का पर्व मनाए जाने के पीछे एक कथा भी प्रचलित है, जो इस प्रकार है :-
किसी गाँव में एक किसान अपने परिवार के साथ रहता था। एक दिन वह किसान अपने खेत में हल चलाने गया। खेत जोतते समय उसके हल से नागिन के बच्चे कुचल कर मर गए। नागिन अपने बच्चों को मरा देखकर बहुत क्रोधित हुई। और उसने क्रोध में आकर किसान, उसकी पत्नी और लड़कों को डंस लिया। जब वह किसान की कन्या को डंसने गई, तब उसने देखा किसान की कन्या के हाथ मे दूध का कटोरा है, उस दुध के कटोरे को कन्या ने नागिन के सामने रख दिया। यह देखकर नागिन बहुत प्रसन्न हुई। उसने कन्या से वर मांगने को कहा। कन्या ने अपने माता-पिता और भाइयों को जीवित करने का वर मांगा। नागिन ने प्रसन्न होकर किसान परिवार को जीवित कर दिया। तभी से ऐसी मान्यता है कि श्रावण शुक्ल पंचमी को नागदेवता का पूजन करने से नागों द्वारा किसी प्रकार का कष्ट और भय नहीं रहता।
नागपंचमी व्रत पूजन विधि -
यह त्यौहार सांप या नाग की सफेद कमल से पूजा कर मनाया जाता है. सामान्यतः लोग मिट्टी से विभिन्न आकार के सांप बनाते हैं तथा उसे विभिन्न रंगों से सजाते हैं। मिट्टी से बने सांप की मूर्ति को सिंघासन पर रखा जाता है तथा दूध से स्नान कराया जाता है। महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ भागों में नाग देवता के स्थायी मंदिर हैं जहां उनकी पूजा काफी धूमधाम से की जाती है। यह दिन सपेरों के लिए भी विशेष महत्व का होता है, उन्हें दूध और पैसे दिए जाते हैं। इन दिनों मिट्टी की खुदाई पूरी तरह से प्रतिबंधित होती है।
गरुड़ पुराण के अनुसार घर के प्रवेश द्वार पर नाग का चित्र बनाकर उनकी पूजा की जानी चाहिए है। इसे ‘भित्ति चित्र नाग पूजा’ के नाम से भी जाना जाता है। नाग पंचमी में नाग देवताओं के लिये व्रत रखा जाता है। इस व्रत में पूरे दिन उपवास रख कर सूर्य अस्त होने के बाद नाग देवता की पूजा के लिए खीर के रुप में प्रसाद बनाया जाता है।
उस खीर को सबसे पहले नाग देवता की मूर्ति अथवा शिव मंदिर में जाकर भोग लगाया जाता है, उसके बाद इस खीर को प्रसाद के रुप में स्वयं ग्रहण किया जाता है। उपवास समाप्ति के भोजन में नमक व तले हुए भोजन का प्रयोग करना वर्जित होता है. इस दिन उपवास से संबन्धित सभी नियमों का पालन करना चाहिए.
Tags:-
nag panchami,nag, shiv,bole baba, bhakti,sant,katha, नागपंचमी, श्रावण मास, उपवास की विधि, नागिन