आदरणीय राष्ट्रनिष्ठ गुरुबन्धु/गुरु भगिनी,
ॐ,
आगामी 4 जून 2011 से '' भ्रष्टाचार मिटाओ सत्याग्रह '' के अन्तर्गत भ्रष्टाचार एवं काले धन के खिलाफ़ आन्दोलन के महासंग्राम का शंखनाद करते हुए, परम पूज्य स्वामी जी महाराज स्वयं दिल्ली के रामलीला मैदान में अनिश्चित-कालीन उपवास पर बैठने वाले हैं. मुख्यालय की ओर से आपको निर्देशित किया जाता है कि ग्रामीण समिति गठित करते समय आप गांव-गांव के सम्पर्क अभियान में सभी देशवासियों को उपरोक्त '' भ्रष्टाचार मिटाओ सत्याग्रह'' में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करें तथा इस राष्ट्रव्यापी जन-आन्दोलन में प्रत्येक गाँव से उपवास में बैठने वाले भाई - बहनों की सूची बनायें. उनके दिल्ली पहुँचाने के लिए आवश्यक सामूहिक रेलवे रिजर्वेशन करवाने हेतु प्रेरित करें/यथोचित मार्गगर्शन करें. दिल्ली के निकटवर्ती प्रान्त के लोग अपने - अपने वाहन, बस, ट्रेक्टर आदि समय रहते सामूहिक रुप से बुक कर लें.
1. जहां - जहां परमपूज्य महाराज जी के शिविर आयोजित हुए हैं वहां शिविर में नाम देने वाले कार्यकर्ताओं से सम्पर्क कर सत्याग्रह के लिए दिल्ली, राजधानी क्षेत्र या जिला मुख्यालय में भाग लेने के लिए आमंत्रित करें.
2. 30 जनवरी, 27 फ़रवरी व 23 मार्च के ज्ञापन में जिन्होनें हस्ताक्षर किए थे, हस्ताक्षर सूची के सभी मोबाइल/फ़ोन नम्बरों पर सम्पर्क करके दिल्ली के सत्याग्रह के बारे में बताकर आमंत्रित करें.
3. जो भी कार्यकर्ता दिल्ली आना चाहें वह दिल्ली आ सकते है. सर्वोच्च वरीयता दिल्ली के कार्यक्रम को दें. शेष कार्यकर्ता राज्य के राजधानी क्षेत्र या जिला मुख्यालय पर सत्याग्रह में भाग लें.
4. जिला व तहसीलों में बैठक में कार्यक्रम की जानकारी सभी शिक्षक, सदस्य, कार्यकर्ताओं तक पहुचाएँ. जिला व तहसील स्तर पर प्रेस विज्ञप्ति जारी करके सार्वजनिक रुप से लोगों को आमंत्रित करें एवं दिल्ली सत्याग्रह में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें
5. आपके जिले में जो कार्यकर्ता इंटरनेट, ई-मेल, फ़ेसबुक, टिविटर, इंटरनेट द्वारा बड़ी संख्या में एस.एम.एस. अभियान चला सकते हैं उनकी सूची बनायें (ऐसे कार्यकर्ताओं को हरिद्वार बुलाकर इसके लिए प्रचार अभियान चलाया जायेगा)
6. राज्य प्रभारी अपने राजधानी क्षेत्र के कार्यक्रम में रहकर, पूरे प्रांत को संचालित करेंगे.
7. जहां-जहां योग कक्षा चल रही है उन सभी योग साधकों को इस सत्याग्रह में भाग लेने के लिए प्रेरित करें. जिले की सभी सामाजिक, धार्मिक (हिन्दु, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन इत्यादि) सभी राष्ट्रवादी व आध्यात्मिक संगठनों व संस्थाओं तथा उन सभी संस्थाओं जिन्होनें पहले भी हमारे कार्यक्रमों (गंगारक्षा तथा योग शिविरों आदि) में भाग लिया है वार्ता कर आमंत्रित करें. जिले, तहसील एवं गांवों के सभी संतो,साधुओं, महात्माओं को भी बुलायें. सभी विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों से भी सम्पर्क करें.
नोटः जो राष्ट्रवादी व्यक्ति, संस्थाएं दिल्ली के सत्याग्रह में नही आ सके, उनको राजधानी, जिला व तहसील स्तर पर समानान्तर सत्याग्रह में भाग लेने के लिए प्रेरित करें.
इस कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान, मुख्य संयोजक के रुप में तथा अन्य सभी राष्ट्रवादी व आध्यात्मिक संगठन इस आंदोलन के सह-संयोजक का दायित्व वहन करेंगे. जैसे 2008 में गंगा रक्षा मंच के बैनर तले आन्दोलन किया था.
(राजेश कुमार - मुख्य केन्द्रीय प्रभारी),(डा. जयदीप आर्य - विभागाध्यक्ष एवं मुख्य केन्द्रिय प्रभारी) ,(आचार्या डा. सुमना - महिला मुख्य केन्द्रिय प्रभारी )
Tags:-
baba ramdev, swami ramdev ji, baalkrishn ji, स्वामी रामदेव अभियान, बाबा रामदेव, स्वामी रामदेव जी, बालकृष्ण जी