एक नगर में बहुत धनवान साहूकार रहता था। उसके घर में अन्न-धन आदि किसी प्रकार की कोई कमी नही थी, परन्तु उसको एक बहुत बड़ा दुःख था कि उसके कोई पुत्र नहीं था । वह इसी चिन्ता में दिन-रात मग्न रहता। पुत्र की कामना के लिये प्रत्येक सोमवार को चन्द्रदेव के निमित्त व्रत और पूजन किया करता था तथा सायंकाल को शिव मन्दिर में जाकर के शिवजी के सामने दीपक जलाया करता था । उसके उस भक्तिभाव को देखकर एक समय पार्वती जी ने भगवान शिव से कहा कि महाराज, यह साहूकार आप का अनन्य भक्त है और सदैव आपका व्रत और पूजन बड़ी श्रद्धा से करता है। इसकी मनोकामना पूर्ण करनी चाहिए ।
शिवजी ने कहा- हे पार्वती! यह संसार कर्मक्षेत्र है। जिसका जितना जैसा भाग्य होता है वैसा ही प्राप्त करता है। पार्वती जी ने अत्यन्त आग्रह से कहा- महाराज! यह तो आपका परम भक्त है। इसका कष्ट आपको अवश्य दूर करना चाहिये। आप तो दयालु हैं, अपने भक्तों के दुःखों को दूर करते हैं । यदि आप ऐसा नहीं करेंगे तो भक्तों के कष्ट कौन दूर करेगा ।
पार्वती जी का ऐसा आग्रह देख शिवजी महाराज कहने लगे - हे पार्वती ! इसके कोई पुत्र नहीं है, इसी चिन्ता से यह दुःखी रहता है । इसके भाग्य में पुत्र न होने पर भी मैं इसको पुत्र की प्राप्ति का वर देता हूँ परन्तु यह पुत्र केवल 12 वर्ष तक जीवित रहेगा। इसके पश्चात वह मृत्यु को प्राप्त हो जायेगा । यह सब बातें साहूकार सुन रहा था । इससे उसको न कुछ प्रसन्नता हुई और न ही कुछ कष्ट हुआ । वह पहले जैसा ही शिवजी महाराज का व्रत और पूजन करता रहा । कुछ काल व्यतीत हो जाने पर साहूकार की स्त्री गर्भवती हुई और दसवे महीने में उसके गर्भ से अति सुन्दर पुत्र की प्राप्ति हुई । साहूकार के घर में बहुत खुशी मनाई गई परन्तु साहूकार ने उसकी केवल बारह वर्ष की आयु जानकर अधिक प्रसन्नता प्रकट नही की और न ही किसी को भेद ही बताया । जब वह बालक 11 वर्ष का हो गया तो उस बालक की माता ने उसके पिता से विवाह आदि के लिए कहा। परन्तु साहूकार कहने लगा कि अभी मैं इसका विवाह नहीं करूंगा । अपने पुत्र को काशी जी पढ़ने के लिए भेजूंगा । फिर साहूकार ने अपने साले को बुलाकर उसको बहुत सा धन देकर कहा - तुम उस बालक को काशी जी पढ़ने के लिये ले जाओ और रास्ते में जिस स्थान पर भी जाओ यज्ञ तथा ब्राह्मणों को भोजन कराते जाना ।
वह दोनों मामा-भाँजा जगह-जगह यज्ञ करते और ब्राह्मणों को भोजन कराते काशी जा रहे थे । रास्ते में उनको एक शहर पड़ा । उस शहर के राजा की कन्या का विवाह था, दूसरे राजा का लड़का जो विवाह कराने के लिये बारात लेकर आया था, वह एक ऑंख से काना था । उसके पिता को इस बात की बड़ी चिन्ता थी कि कहीं वर को देखकर कन्या के माता-पिता विवाह में किसी प्रकार की अड़चन पैदा न कर दें । जब उसने अति सुन्दर सेठ के लड़के को देखा तो मन में विचार किया कि क्यों इस लड़के को वर के कपड़े पहनाकर घोड़ी पर चढ़ा ले जाएँ। फ़िर उसने ऐसा ही किया। ऐसा करने से बड़ी सुन्दरता से सभी कार्य हो गये। वर के पिता ने सोचा कि यदि विवाह कार्य भी इसी लड़के से करा लिया जाय तो क्या बुराई है? ऐसा विचार कर लड़के और उसके मामा से कहा कि यदि आप फेरों और कन्यादान का काम भी करा दें तो आपकी बड़ी कृपा होगी और मैं इसके बदले में आपको बहुत-सा धन दूंगा । उन्होनें स्वीकार कर लिया और विवाह कार्य भी बहुत अच्छी तरह से सम्पन्न हो गया । परन्तु जिस समय लड़का जाने लगा तो उसने राजकुमारी की चुन्दरी के पल्ले पर लिख दिया कि "तेरा विवाह तो मेरे साथ हुआ है परन्तु जिस राजकुमार के साथ तुमको भेजेंगे वह एक आँख से काना है। मैं काशी जी पढ़ने जा रहा हूँ।" उस राजकुमारी ने जब अपनी चुन्दरी पर ऐसा लिखा हुआ पाया तो उसने राजकुमार के साथ जाने से मना कर दिया और कहा कि यह मेरा पति नहीं है । मेरा विवाह इसके साथ नहीं हुआ है । वह तो काशी जी पढ्ने गया है । राजकुमारी के माता-पिता ने अपनी कन्या को विदा नहीं किया और बारात वापस चली गयी ।
जब लड़के की आयु बारह साल की हो गई, उस दिन उन्होंने यज्ञ रचा रखा था । लड़के ने अपने मामा से कहा- मामाजी, आज मेरी तबियत कुछ ठीक नहीं है। मामा ने कहा- अन्दर जाकर सो जाओ। लड़का अन्दर जाकर सो गया और थोड़ी देर में उसके प्राण निकल गए । जब उसके मामा ने आकर देखा तो वह मुर्दा पड़ा है तो उसको बड़ा दुःख हुआ और उसने सोचा कि अगर मैं अभी रोना- पीटना मचा दूंगा तो यज्ञ का कार्य अधूरा रह जाएगा । अतः उसने जल्दी से यज्ञ का कार्य समाप्त कर ब्राह्मणों के जाने के बाद रोना-पीटना आरम्भ कर दिया । संयोगवश उसी समय शिव-पार्वतीजी उधर से जा रहे थे । जब उन्होने जोर- जोर से रोने की आवाज सुनी तो पार्वती जी कहने लगीं - महाराज! कोई दुखिया रो रहा है इसके कष्ट को दूर कीजिए । जब शिव- पार्वती ने पास जाकर देखा तो वहां एक लड़का मुर्दा पड़ा था । पार्वती जी कहने लगीं- महाराज यह तो उसी सेठ का लड़का है जो आपके वरदान से हुआ था । इस बालक को और आयु दो, नहीं तो इसके माता-पिता तड़प- तड़प कर मर जायेंगे। पार्वती जी के बार-बार आग्रह करने पर शिवजी ने उसको जीवन वरदान दिया और शिवजी महाराज की कृपा से लड़का जीवित हो गया ।
पढ़ाई पूरी हो जाने पर लड़का और उसका मामा उसी प्रकार यज्ञ करते हुये अपने घर की ओर चल दिये । रास्ते में उसी शहर में आए जहां उसका विवाह हुआ था । वहां पर आकर उन्होने यज्ञ आरम्भ कर दिया तो उस लड़के के ससुर ने उसको पहचान लिया और अपने महल में ले जाकर उसकी बड़ी खातिर की साथ ही बहुत से दास-दासियों सहित आदर पूर्वक लड़की और जमाई को विदा किया । जब वह अपने शहर के निकट आए तो मामा ने कहा कि मैं पहले तुम्हारे घर जाकर खबर कर आता हूँ । जब उस लड़के का मामा घर पहुंचा तो लड़के के माता-पिता घर की छत बैठे थे और यह प्रण कर रखा था कि यदि हमारा पुत्र सकुशल लौट आया तो हम राजी-खुशी नीचे आ जायेंगे नहीं तो छत से गिरकर अपने प्राण दे देंगे । इतने में लड़के के मामा ने आकर यह समाचार दिया कि आपका पुत्र आ गया है परन्तु उनको विश्वास नहीं आया। तब लड़के मामा ने शपथपूर्वक कहा कि आपका पुत्र अपनी स्त्री के साथ बहुत सारा धन साथ लेकर आया है तो सेठ ने आनन्द के साथ उसका स्वागत किया और बड़ी प्रसन्नता के साथ रहने लगे । इसी प्रकार जो कोई व्यक्ति सोमवार का व्रत रखकर इस कथा को पढ़ता सुनता है उसके भी सब दुख दूर होकर उसकी समस्त मनोवांछित कामनाएं पूर्ण होती हैं ।
Tags:-
somvaar vrat katha, somvaar vrat, lord shiva, lord shiva pujan, parvati, mata parvati, shravan somvar, सोमवार व्रत कथा, सोमवार पूजन, भगवान शिव, शिव,