सिद्धिदात्री
Posted by:
diwaker
2011-10-05 11:37:21
770 Views
सिद्धगन्धर्वयक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि
सेव्यमाना सदा भूयात् सिद्धिदा सिद्धिदायिनी
माता सिद्धिदात्री माँ दुर्गा की नवीं शक्ति का नाम है. यह सभी प्रकार की सिद्धियों को देने वाली हैं. माँ सिद्धिदात्री अपने भक्तों और साधकों को सभी सिद्धियाँ प्रदान करने में समर्थ हैं. देवी पुराण के अनुसार भगवान शिव ने इनकी कृपा से ही सिद्धियों को प्राप्त किया था. इनकी अनुकम्पा से ही भगवान शिव का आधा शरीर देवी का हुआ था. इसी कारण वह लोक में 'अर्द्धनारीश्वर' नाम से प्रसिद्ध हुये.
माँ सिद्धिदात्री चार भुजाओं वाली हैं। इनका वाहन सिंह हैं और इनका आसन कमल है। इनकी दाहिनी तरफ़ के नीचे वाले हाथ में गदा, ऊपर वाले हाथ में चक्र तथा बायीं तरफ़ के नीचे वाले हाथ में ऊपर वाले हाथ में शंख और नीचे वाले हाथ में कमल पुष्प है। नवरात्रे - पूजन के नवें दिन इनकी उपासना की जाती है. इस दिन माता सिद्धिदात्री की उपासना से उपासक की सभी सांसारिक इच्छायें व आवश्यकताएँ पूर्णं हो जाती हैं.
प्रत्येक मनुष्य का कर्तव्य है कि वह माँ सिद्धिदात्री की कृपा प्राप्त करने का निरन्तर प्रयत्न करें. उनकी आराधना की ओर अग्रसर हो. इनकी कृपा से अनन्त दुःखरुप संसार से निर्लिप्त रहकर सारे सुखों का भोग करता हुआ वह मोक्ष को प्राप्त कर सकता है.
नवदुर्गाओं में माँ सिद्धिदात्री अंतिम हैं अन्य आठ दुर्गाओं की पूजा उपासना शास्त्रीय विधि-विधान के अनुसार करते हुये भक्त दुर्गा पूजा के नवें दिन इनकी उपासना में प्रवृत होते हैं. इन सिद्धिदात्री माँ की उपासना पूर्ण कर लेने के बाद भक्तों और साधकों की लौकिक-पारलौकिक सभी प्रकार की कामनाओं की पूर्ति हो जाती है. लेकिन सिद्धिदात्री माँ के कृपापात्र भक्त के भीतर कोई ऐसी कामना शेष बचती ही नही है.
Tags:-
sidhidatri, sidhidatri mantra, mata sidhidatri, maa durga, navratri, navdurga, nav durga devi, nav durga katha, nav durga names, nav durga nav roop maiya