सत्यनारायण व्रत कथा भाग - 3
Posted by:
Vikasg21
2013-12-07 05:59:43
1131 Views
तृतीय अध्याय
श्री सूतजी ने कहा - हे श्रेष्ठ ऋषियों ! अब आगे की एक कथा कहता हूँ | पूर्व काल में उल्कामुख नाम का एक महान बुद्धिमान राजा था | वह सत्यवक्ता और जितेन्द्रिय था | प्रतिदिन देवस्थानों पर जाता तथा गरीबों को धन देकर उनके कष्ट दूर करता था | उनकी पत्नी कमल के समान मुख वाली और सती साध्वी थी | भद्रशीला नदी के तट पर उन दोनों ने श्री सत्यनारायण भगवान् का व्रत किया | उस समय वहां साधु नामक एक वैश्य आया | उसके पास व्यापार के लिए बहुत-सा धन था | वह वैश्य नाव को किनारे पर ठहराकर राजा के पास आया | राजा को व्रत करते देखकर उसने विनय के साथ पूछा - हे राजन ! भक्ति युक्त चित्त से यह आप क्या कर रहे हैं ? मेरी भी सुनने की इच्छा है, कृप्या यह आप मुझे भी बताइए | महाराजा उल्कामुख ने कहा - हे साधु वैश्य ! मै अपने बंधु-बांधवों के साथ पुत्रादि की प्राप्ति के लिए महाशक्तिमान सत्यनारायण भगवान का व्रत व पूजन कर रहा हूँ | राजा के वचन सुनकर साधु नामक वैश्य ने आदर से कहा - हे राजन ! मुझे भी इसका विधान बतायें | मै भी आपके कथनानुसार इस व्रत को करूँगा | मेरे भी कोई संतान नहीं है | मुझे विश्वास है, इससे निश्चय ही मेरी भी संतान होगी | राजा से सब विधान सुन, व्यापार से निवृत्त हो, वह वैश्य आनंद के साथ अपने घर आया | वैश्य ने अपनी पत्नी को संतान देने वाले उस व्रत का समाचार सुनाया और प्रण किया कि जब मेरी भी संतान होगी तब मै इस व्रत को करूँगा | साधु ने यह वचन अपनी पत्नी लीलावती से भी कहे | एक दिन उसकी पत्नी लीलावती आनंदित हो सांसारिक धर्म की प्रवृत्त हो श्री सत्यनारायण भगवान् की कृपा से गर्भवती हो गयी | दसवें महीने में उसने सुंदर कन्या को जन्म दिया | दिनोंदिन वह कन्या इस तरह बढ़ने लगी जैसे शुक्ल पक्ष का चंद्रमा बढ़ता है | कन्या का नाम कलावती रखा गया | तब लीलावती ने मीठे शब्दों में अपने पति को स्मरण दिलाया कि आपने जो भगवान् का व्रत करने का संकल्प किया था अब आप उसे पूरा कीजिये | साधु वैश्य ने कहा- हे प्रिये ! मै कन्या के विवाह के समय इस व्रत को करूँगा| इसप्रकार अपनी पत्नी को आश्वासन दे वह व्यापार करने चला गया| कलावती पितृ गृह में वृद्धि को प्राप्त हो गई | लौटने पर जब साधु ने नगर में सखियों के साथ अपनी पुत्री को खेलते देखा तो दूत को बुलाकर कहा कि उसकी पुत्री के लिए कोई सुयोग्य वर देखकर लाओ | साधु नामक वैश्य की आज्ञा पाकर दूत कंचन नगर पहुंचा और खोजकर और देखभाल कर वैश्य की लड़की के लिए एक सुयोग्य वाणिक पुत्र ले आया| उस सुयोग्य लड़के को देखकर साधु नामक वैश्य ने अपने बंधु-बांधवों सहित प्रसन्नचित्त होकर अपनी पुत्री का विवाह उसके साथ कर दिया | दुर्भाग्य से वह विवाह के समय भी श्री सत्यनारायण भगवान् का व्रत करना भूल गया | इसपर श्री सत्यनारायण भगवान क्रोधित हो गए | उन्होंने वैश्य को श्राप दिया की तुम्हे दारुण दुःख प्राप्त होगा | अपने कार्य में कुशल साधु नामक वैश्य अपने जामाता सहित नावों को लेकर व्यापार करने के लिए समुन्द्र के समीप स्थित रत्नसारपुर नगर में गया | दोनों ससुर-जमाई चंद्रकेतु राजा के उस नगर में व्यापार करने लगे | एक बार सत्यनारायण भगवान् की माया से प्रेरित एक चोर राजा का धन चुराकर भगा जा रहा था | राजा के दूतों को अपने समीप वेग से आते देखकर चोर ने घबराकर राजा के धन को वही नाव में चुपचाप रख दिया, जहा वे ससुर-जमाई ठहरे हुए थे और भाग गया | जब दूतों से उस साधु नामक वैश्य के पास उस धन को रखा देखा तो ससुर-जामाता दोनों को बांधकर ले गए और राजा के समीप जाकर बोले - हम ये दो चोर पकड़कर लायें है, देखकर आज्ञा दें | तब राजा ने बिना उनकी बात सुने ही उन्हें कारागार में डालने की आज्ञा दे दी | इसप्रकार राजा की आज्ञा से उन्हें कठिन कारावास में डाल दिया गया और उनका धन भी छीन लिया गया| सत्यनारायण भगवान के श्राप के कारण लीलावती और उसकी पुत्री कलावती भी घर पर बहुत दुखी हुई | उनका धन भी चोर चुरा कर ले गए | शारीरिक और मानसिक पीड़ा से तथा भूख-प्यास से अति दुखित हो भोजन की चिंता में कलावती कन्या एक ब्राह्मण के घर गई| उसने ब्राह्मण को भी सत्यनारायण भगवान् का व्रत करते देखा| उसने कथा सुनी तथा प्रसाद ग्रहण कर रात को घर आई| माता ने कलावती से पूछा-हे पुत्री! तू अब तक कहाँ रही व तेरे मन में क्या है ? कलावती बोली - हे माता ! मैंने आज एक ब्राह्मण के घर श्री सत्यनारायण भगवान् का व्रत होते देखा है | कन्या के वचन सुनकर लीलावती ने सत्यनारायण भगवान के पूजन की तैयारी की | उसने परिवार और बंधुओं सहित सत्यनारायण भगवान् का व्रत एवं पूजन किया और वर माँगा कि मेरे पति और दामाद शीघ्र ही घर लौट आयें | साथ ही प्रार्थना की कि हमारे सरे अपराध क्षमा कर दो | श्री सत्यनारायण भगवान् इस व्रत से संतुष्ट हो गए | उन्होंने राजा चंद्रकेतु को स्वप्न में दर्शन देकर कहा- हे राजन ! जिन दोनों वैश्यों को तुमने बंदी बना रखा है, वे निर्दोष हैं | उन्हें प्रात: ही छोड़ दो | उनका सब धन जो तुमने ग्रहण किया है, लौटा दो | अन्यथा मैं तुम्हारा धन, पुत्रादि सब नष्ट कर दूंगा | राजा से ऐसे वचन कहकर भगवान् अंर्तध्यान हो गए | प्रातः काल राजा चंद्रकेतु ने सभा में सबको अपना स्वप्न सुनाया और सैनिको को आज्ञा दी कि दोनों वणिक पुत्रों को कैद से मुक्त कर सभा में लाया जाया | दोनों ने आते ही राजा को प्रणाम किया| राजा ने कोमल वचनों में कहा- हे महानुभावों ! तुम्हे भावावेश ऐसा कठिन से कठिन दुःख प्राप्त हुआ है | अब तुम्हे कोई भय नहीं है, तुम मुक्त हो | इसके बाद राजा ने उनको नए - नए वस्त्राभूषण पहनवायें तथा उनका जितना धन लिया था, उससे दूना लौटा कर आदर से विदा किया | दोनों वैश्य अपने घर को चल दिए |
|| इति श्री सत्यनारायण व्रत कथा का तृतीय अध्याय सम्पूर्ण ||
Tags:-
Satyanarayan Vrat Katha,Bhakti,Vrat Katha, Sutji, सत्यनारायण व्रत कथा, तृतीय अध्याय, बुद्धिमान, राजन, सत्यनारायण, राजा चंद्रकेतु