सत्यनारायण व्रत कथा भाग - 2
Posted by:
Vikasg21
2013-12-07 05:59:08
1044 Views
द्वितीय अध्याय
सूतजी ने कहा- हे ऋषियों, जिन्होंने पहले समय में इस व्रत को किया है , उनका इतिहास कहता हूँ, आप सब ध्यान से सुने | सुंदर काशीपुर नगरी में एक अत्यंत निर्धन ब्राह्मण रहता था| वह ब्राह्मण भूख और प्यास से बैचैन होकर नित्य पृथ्वी पर घूमता था| ब्राह्मणों से प्रेम करने वाले श्री विष्णु भगवान् ने ब्राह्मण को दुखी देखकर एक दिन बूढ़े ब्राह्मण का रूप धारण कर निर्धन ब्राह्मण के पास जाकर आदर से पूछा - हे विप्र ! तुम नित्य ही दुखी होकर पृथ्वी पर क्यों घूमते हो? हे श्रेष्ठ ब्राह्मण यह सब मुझे कहो, मै सुनना चाहता हूँ | दरिद्र ब्राह्मण ने कहा - मै निर्धन ब्राह्मण हूँ, भिक्षा के लिए पृथ्वी पर फिरता हूँ| हे भगवन् यदि आप इससे छुटकारा पाने का कोई उपाय जानते हो तो कृपा कर मुझे बताएं | मै आपकी शरण में हूँ | वृद्ध ब्राह्मण का रूप धारण किये श्री विष्णु भगवान् ने कहा - हे ब्राह्मण! श्री सत्यनारायण भगवान मनोवांछित फल देने वाले हैं. इसीलिए तुम उनका पूजन करो, जिसके करने से मनुष्य सब दुखों से मुक्त हो जाता है| इसी के साथ दरिद्र ब्राह्मण को व्रत का सारा विधान बतलाकर बूढ़े ब्राह्मण का रूप धारण करने वाले श्री सत्यनारायण भगवान् अंतर्ध्यान हो गए| जिस व्रत को वृद्ध ब्राह्मण ने बताया है, उसे मै अवश्य करूँगा, यह सोचकर वह दरिद्र ब्राह्मण घर चला गया, परन्तु उस रात्रि उस ब्राह्मण को नींद नहीं आई | अगले दिन वह जल्दी उठा और श्री सत्यनारायण भगवान् का व्रत करने का निश्चय कर भिक्षा मांगने चल दिया| उस दिन उसको भिक्षा में बहुत धन मिला, जिससे उसने पूजा का सब सामान ख़रीदा और घर आकर अपने बन्धु-बांधवों के साथ भगवान् श्री सत्यनारायण का व्रत किया | इसके करने से वह दरिद्र ब्राह्मण सब प्रकार के दुखों से छूटकर अनेक प्रकार की संपत्तियों से युक्त हो गया | उस समय से वह विप्र हर मास व्रत करने लगा | सत्यनारायण भगवान् के व्रत को जो शास्त्रविधि के अनुसार श्रद्धा पूर्वक करेगा, सब पापों से छूटकर मोक्ष को प्राप्त होगा | आगे जो मनुष्य पृथ्वी पर भगवान् सत्यनारायण का व्रत करेगा, वह सब दुखों से छूट जायेगा | इस तरह नारदजी से श्री सत्यनारायण भगवान् का कहा हुआ यह व्रत मैंने तुमसे कहा | हे विप्रों, अब आप और क्या सुनना चाहते हैं, मुझे बताएं? ऋषियों ने कहा - हे मुनीश्वर ! संसार में इस विप्र से सुनकर और किस किस ने इस व्रत को किया, हम सब सुनना चाहते है | इसके लिए हमारे मन में श्रद्धा है | श्री सूतजी ने कहा - हे मुनियों ! जिस जिस प्राणी ने इस व्रत को किया है उन सबकी कथा सुनो | एक समय वह ब्राह्मण धन और ऐश्वर्य के अनुसार बंधु- बांधवों के साथ अपने घर पर व्रत कर रहा था| उसी समय एक लकड़ी बेचने वाला बुढा व्यक्ति वहाँ आया| उसने सर पर रखा लकड़ियों का गट्ठर बाहर रख दिया और विप्र के घर में चला गया | प्यास से दुखी लकडहारे ने विप्र को व्रत करते देखा | वह प्यास को भूल गया | उसने विप्र को नमस्कार किया और पूछा - हे विप्र ! आप यह किसका पूजन कर रहे हैं? इस व्रत को करने से क्या फल मिलता है? कृपया मुझे बताएं | ब्राह्मण ने कहा - सब मनोकामनाओं को पूरा करने वाला यह भगवान् श्री सत्यनारायण का व्रत है इनकी ही कृपा से मेरे यहाँ धन-धान्य आदि की वृद्धि हुई है | विप्र से इस व्रत के बारे में जानकर वह लकडहारा बहुत प्रसन्न हुआ | भगवान् का चरणामृत ले और भोजन करने के पश्चात् वह अपने घर को चला गया | अगले दिन लकडहारे ने अपने मन में संकल्प किया कि आज गाँव में लकड़ी बेचने से जो धन मिलेगा, उसी से भगवान् सत्यनारायण का उत्तम व्रत करुँगा | यह मन में विचार कर वह लकडहारा अपने सर पर लकड़ियों का गट्ठर रखकर जिस नगर में धनवान लोग रहते थे, ऐसे सुंदर नगर में गया | उस दिन उसे उन लकड़ियों का दाम पहले के दिनों से चौगुना मिला | तब वह लकड़हारा अति प्रसन्न होकर पके केले, शक्कर, शहद, घी, दूध, दही, गेहूं का चूर्ण आदि श्री सत्यनारायण भगवान् के व्रत की सारी सामग्री लेकर अपने घर पर आ गया | फिर उसने अपने बंधु-बांधवों को बुलाकर विधि-विधान के साथ भगवान् का पूजन और व्रत किया | उस व्रत के प्रभाव से वह बुढा लकडहारा धन, पुत्र आदि से युक्त हुआ और संसार के समस्त सुख भोगकर बैकुंठ को चला गया |
|| इति श्री सत्यनारायण व्रत कथा का द्वितीय अध्याय सम्पूर्ण ||
Tags:-
Satyanarayan Vrat Katha,Bhakti,Vrat Katha, Sutji, सत्यनारायण व्रत कथा,पृथ्वी,द्वितीय अध्याय,तुलसी,ब्राह्मणों,व्रत कथा,बैकुंठ