भगवान शंकर की आज्ञा शिरोधार्य करके ब्रह्मा ने सृष्टि कार्य आरम्भ किया. सर्वप्रथम उन्होंने सूक्ष्मभूत, वायु, अग्नि, जल, पृथ्वी, पर्वत, नदी, समुंद्र इत्यादि के साथ सप्तर्षियों तथा अपने मानसपुत्रों को उत्पन्न किया. तत्पश्चात् अम्बिका एवं महादेव जी की आज्ञा से उन्होंने दक्ष और वीरिणी की सृष्टि की और उन्हें मैथुनी सृष्टि करने का आदेश दिया. उन दोनों ने पहले हर्यश्च और शब्लाश्च आदि नाम से सहस्त्रों पुत्र पैदा किये जो नारद जी के उपदेश से सन्यासी हो गये. बाद में उन्हें कल्पान्तर में साठ कन्यायें हुई. जिनका विवाह भृगु, शिव, मारीचि आदि ऋषियों के सम्पन्न हुआ.
दक्ष ने ब्राह्मणों तथा याचकों को दान - मान से संतुष्ट किया. भांति-भांति के मंगल-कृत्यों के साथ नृत्य और गान के सुन्दर आयोजन किये गये. दक्ष महल में जैसे खुशियों का साम्राज्य ही उतर आया. देवताओं ने पुष्प वर्षा की. दक्ष ने अपनी उस दिव्य कन्या का नाम 'उमा' रखा. परमेश्वर शिव की अभिन्न स्वरुपा होनें के कारण वे बाल्यावस्था से ही उनके ध्यान में निमग्न रहा करती थीं.
एक दिन देवर्षि नारद और देवर्षि नारद और पितामह ब्रह्माजी उस अद्भुत बालिका के दर्शन की इच्छा से दक्ष यहाँ आये. ब्रह्माजी ने भगवती सती से कहा- 'जो केवल तुम्हें ही चाहते हैं और तुम्हारे मन में भी जिनको पति रुप में प्राप्त करने की अभिलाषा है, उन्हीं महादेवजी की तुम्हें तपस्या करनी चाहिये.' ऐसा कहकर ब्रह्माजी देवर्षि नारद के साथ अपने लोक को चले गये.
युवावस्था में प्रवेश करते ही भगवती सती अपनी माता वीरिणी से अनुमति लेकर महेश्वर शिव को पतिरुप में प्राप्त करने के लिये कठोर तपस्या करने लगीं. तपस्या करती हुई सती मूर्तिमती सिद्धि के समान दिखलायी देती थीं. भांति-भांति के उपचारों द्वारा महेश्वर की साधना में वे इस तरह लीन हो गयीं कि उन्हें अपने शरीर की भी सुधि न रही.
भगवान विष्णु के साथ सभी देवताओं ने कैलाश पहुँचकर भगवान शिव से कहा- 'महेश्वर! महातेजस्विनी सती आपको पतिरुप में प्राप्त करने के लिये कठोर तप कर रही हैं. हम लोगों की प्रार्थना है कि आप उन्हें पत्नी रुप में स्वीकार करें.'
देवताओं की प्रार्थना सुनकर भगवान महादेव सती के समक्ष प्रकट हो गये. उनकी अंग कांति करोड़ों कामदेवों को लज्जित कर रही थी. भगवान सती ने सौन्दर्य के धाम महेश्वर शिव की वन्दना की. उस समय उनका मुख नारी सुलभ लज्जा के कारण झुका हुआ था.
महादेव जी ने कहा - ' उत्तम व्रत का पालन करने वाली सती! मैं तुम पर परम प्रसन्न हूँ. इसलिये तुम इच्छानुसार वर माँगों. शुभे ! तुम्हारा कल्याण हो.'
सती बोली - ' प्रभो! यदि आप मुझपर सचमुच प्रसन्न हैं तो वैवाहिक विधि से मेरा पाणिग्रहण कर मुझ दासी को कृतार्थ करें.' 'ऐसा ही होगा' परमेश्वर शिव अन्तर्धान हो गये.
तदनन्तर शुभ लग्न और मुहूर्त में प्रजापति दक्ष ने हर्षपूर्वक अपनी पुत्री सती का हाथ भगवान शंकर के हाथों में दे दिया. महेश्वर शिव को अपनी कन्या प्रदान करके दक्ष कृतार्थ हो गये. समस्त देवताओं और ऋषि-मुनियों के आनन्द की सीमा न रही. विवाहोपरान्त दक्ष से विदा लेकर शिवा के साथ महादेव कैलास लौट आये. समस्त संसार सती और शिव के इस दिवय मिलन से आनन्दित हो गया.
Tags:-
Lord shiva, lord brahma, mata parvati, lord Vishnu, sati, raja daksh, shiva, bhrigu, marici