श्रीरामनवमी पूजन-विधि
चैत्र शुक्ल नवमी को 'श्रीरामनवमी' का व्रत होता है. यह व्रत मध्याह्नव्यापिनी दशमीविद्धा नवमी को करना चाहिये. अगस्त्यसंहिता में कहा गया है कि यदि चैत्र शुक्ल नवमी पुनर्वसु नक्षत्र से युक्त हो और वही मध्याह्न के समय रहे तो महान पुण्यदायिनी होती है. अष्टमीविद्धा नवमी विष्णु भक्तों को छोड़ देनी चाहिये. वे नवमी में व्रत तथा दशमी में पारणा करें. चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी के दिन स्वयं श्रीहरि का रामावतार हुआ था. पुनर्वसु नक्षत्र से संयुक्त नवमी तिथि सब कामनाओं को पूर्ण करने वाली है. जो रामनवमी व्रत करता है उसके अनेक जन्मार्जित पापों की राशि भस्मीभूत हो जाती है और उसे भगवान विष्णु का परम पद प्राप्त होता है. श्रीरामनवमी व्रत से भुक्ति और मुक्ति दोनों ही सिद्ध होती है. इस उत्तम व्रत को करके वह सर्वत्र पूज्य होता है.
इसदिन प्रातः कालीन नित्यकर्म से निवृत होकर अपने घर के उत्तर भाग में एक सुन्दर मण्ड़प बना लें. मण्ड़प के पूर्व द्वार पर शंख, चक्र तथा श्रीहनुमान जी की स्थापना करें. दक्षिण द्वार पर गदा, खड्ग और श्रीअंगदजी की एवं उत्तरद्वार पर पद्म, स्वास्तिक और श्रीनील जी की स्थापना करें. बीच में चार हाथ के विस्तार की वेदिका होनी चाहिये, जिसमें सुन्दर वितान एवं सुन्दर तोरण लगे हों.
इस प्रकार तैयार किये गये मण्डप के मध्य में परिकरों सहित भगवान श्रीसीताराम को प्रतिष्ठित कर विविध उपचारों से यथाविधि पूजन करें.
तत्पश्चात् निम्न मंत्र से भगवान की आरती करनी चाहिये.
मंगलार्थ महीपाल नीराजनमिदं हरे.
संगृहाण जगन्नाथ रामचन्द्र नमोस्तुते.
ॐ परिकरसहिताय श्रीसीतारामचन्द्राय कर्पूरारार्तिक्यं समर्पयामि.
हे पृथ्वीपालक भगवान श्रीरामचन्द्र. आपके सर्वविध मंगल के लिये यह आरती है. हे जगन्नाथ! आप इसे स्वीकार करें. आपको प्रणाम है.
उपर्युक्त श्लोक पढ़कर किसी शुद्ध पात्र में कपूर तथा (एक, पाँच अथवा ग्यारह) घी की बत्ती जलाकर परिकरसहित भगवान श्रीसीताराम जी की आरती उतारनी चाहिये और समवेतस्वर में आरती का गायन करना चाहिये.
आरती के पश्चात् पुष्पांजलि, प्रदक्षिणा एवं प्रणाम करना चाहिये.
पुष्प लेकर निम्न श्लोक पढ़ना चाहिये.
नमो देवाधिदेवाय रघुनाथाय शार्गिंणे.
चिन्मयानन्तरुपाय सीतायाः पतये नमः
ॐ परिकरसहिताय श्रीसीतारामचन्द्राय पुष्पांजलिं समर्पयामि.
देवों के देव, शार्गंधनुर्धर, चिन्मय, अनन्त रुप धारण करने वाले, सीतापति भगवान श्रीराघुनाथ जी को बारम्बार प्रणाम है. पुष्पार्पण करके निम्नलिखित श्लोक पढ़ते हुये प्रदक्षिणा करनी चाहिये.
यानि कानि च पापानि ब्रह्महत्यादिकानि च.
तानि तानि प्रणश्यन्ति प्रदक्षिणपदे पदे.
ब्रह्महत्या आदि जितने भी पाप हैं, वे सभी प्रदक्षिणा के पद-पद पर निःशेष हो जाते हैं.
प्रदक्षिणा करके भगवान श्रीसीताराम को प्रणाम करना चाहिये एवं उनकी प्रसन्नता के लिये कातर-याचना करनी चाहिये.
मंदिरों में भी भगवान को पंचामृतस्नान, यथाविधि पूजन तथा पँजीरी और फ़ल का भोग लगाकर मध्याह्न काल में (बारह बजे) विशेष आरती एवं पुष्पांजली आदि करने की परम्परा है. आरती के पश्चात् भक्तों को पंचामृत, पंजीरी का प्रशाद दिया जाता है.
मुमुक्षुजनों को चाहिये कि आत्मकल्याण के लिये सदा श्रीरामनवमी का व्रत करें. श्रीरामनवमी व्रत करने वाला सभी पापों से मुक्त होकर सनातन ब्रह्म भगवान श्रीसीतारामजी को प्राप्त कर लेता है.
श्रीरामनवमी के दिन भगवान श्रीरामचन्द्र जी की प्रतिमा दान का अत्यधिक माहात्म्य श्रीअगस्त्यसंहिता में कहा गया है. प्रतिमा स्वर्ण या पाषाण अथवा काष्ठ की भी हो सकती है. स्वर्णपत्र पर भगवान श्रीसीताराम जी का चित्र या रेखाचित्र अंकित करके भी उस चित्रपत्र का दान किया जा सकता है.
Tags:-
Lord rama, shri ram, bhagwan ram, sitaram, devi sita, ramnavmi, ramnavmi puja, ramnavmi pujan