शनि प्रदोष व्रत इस बार यह व्रत 30 नवम्बर, शनिवार के दिन है।
पुराणों के अनुसार शनि प्रदोष व्रत करने से पुत्र की प्राप्ति होती है। शास्त्रों के अनुसार शनि प्रदोष व्रत का विधान इस प्रकार हैः-
विधि
व्रत के दिन पति-पत्नी द्वारा प्रातः स्नान के उपरांत शिव, पार्वती और गणेशजी की संयुक्त आराधना के बाद शिव मंदिर में जाकर भगवान शंकर और माता पार्वती जी को पंचामृत व गंगाजल से स्नान कराकर बेल पत्र, गंध, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, फल, पान, सुपारी, लौंग, इलायची भगवान को चढ़ाएं, तथा सारा दिन निराजल व्रत रहे। सायंकाल के समय लोहे की कढ़ाही में उड़द की दाल और मोटे चावल तथा तिल आदि मिलाकर खिचड़ी बनाकर ग्रहण करें। खिचड़ी का एक चैथाई भाग काले कुत्ते या गाय को देना लाभदायक होता हैं।
कथा
प्राचीन समय की बात है, किसी नगर में एक सेठ रहता था। वह अत्यन्त दयालु था। उसके यहां से कभी कोई भी खाली हाथ नहीं लौटता था। परन्तु उनकी कोई संतान नहीं थी, जिसके कारण वे दोनों काफी दु:खी रहते थे।
एक दिन उन्होंने तीर्थयात्रा पर जाने का निश्चय किया। अभी वे नगर के बाहर ही निकले थे, कि उन्हें एक विशाल वृक्ष के नीचे समाधि लगाए एक तेजस्वी साधु दिखाई पड़े। दोनों ने सोचा कि साधु महाराज से आशीर्वाद लेकर आगे की यात्रा शुरू की जाए। पति-पत्नी दोनों समाधिलीन साधु के सामने हाथ जोड़कर बैठ गए और उनकी समाधि टूटने की प्रतीक्षा करने लगे। सुबह से शाम और फिर रात हो गई, लेकिन साधु की समाधि नही टूटी। मगर वे दोनों पति-पत्नी धैर्यपूर्वक हाथ जोड़कर बैठे रहे। अंतत: अगले दिन सुबह साधु समाधि से उठे। पति-पत्नी को वहां बैठा देख साधु महाराज बोले- मैं तुम्हारे अन्तर्मन की कथा भांप गया हूं वत्स। मैं तुम्हारे धैर्य और भक्तिभाव से अत्यन्त प्रसन्न हूं। साधु ने सन्तान प्राप्ति के लिए उन्हें शनि प्रदोष व्रत करने की विधि समझाई और शंकर भगवान की वन्दना बताई :-
मंत्र
हे रुद्रदेव शिव नमस्कार। शिव शंकर जगगुरु नमस्कार॥
हे नीलकंठ सुर नमस्कार। शशि मौलि चन्द्र सुख नमस्कार॥
हे उमाकान्त सुधि नमस्कार। उग्रत्व रूप मन नमस्कार॥
ईशान ईश प्रभु नमस्कार। विश्वेश्वर प्रभु शिव नमस्कार॥
तीर्थयात्रा के बाद दोनों पति-पत्नी वापस घर लौटे और नियमपूर्वक शनि प्रदोष व्रत करने लगे। कुछ समय बाद ही सेठ की पत्नी ने एक सुन्दर पुत्र को जन्म दिया। इस प्रकार शनि व्रत करने से उन्हें पुत्र प्राप्ति हुई।
सप्ताह के सातों वारों पर पड़ने वाले प्रदोष का अपना एक विशेष महत्व है :-
सात दिनों के सात महत्व
शनिवार के दिन शनि प्रदोष व्रत रखते है। इस व्रत को रखने से पुत्र की प्राप्ति होती है।
रविवार को त्रयोदशी होने से रवि प्रदोष व्रत होता है । इस व्रत को करने से मनुष्य सदा निरोगी रहता है।
सोमवार प्रदोष का व्रत रखने से हर इच्छा पूर्ण होती है।
मंगलवार प्रदोष का व्रत रखने से रोगों से मुक्ति मिलती है।
बुधवार प्रदोष का व्रत रखने से हर व्यापार में बढ़ोत्तरी होती है।
गुरुवार प्रदोष व्रत करने से शत्रु का नाश और राजनीति में सफलता और ज्ञान बढ़ता है।
शुक्रवार प्रदोष का व्रत करने से सुन्दर पत्नी की प्राप्ति, सुख-शान्ति, वाहन एवं सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
Tags:-
Shani pradosh vrat, Bhakti, God, Lord Shiva, Mata Parvati, Saturday, Story, Mantra, शनि प्रदोष व्रत, शिव, पार्वती, शनिवार