धर्मशास्त्रों में कहा गया है कि पितरों को पिण्ड़दान करने वाला गृहस्थ दीर्घायु, पुत्र-पौत्रादि, यश, स्वर्ग, पुष्टि, बल, लक्ष्मी, पशु, सुख-साधन तथा धन-धान्यादि की प्राप्ति करता है. यही नही पितरों की कृपा से उसे सब प्रकार की समृद्धि, सौभाग्य, राज्य तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है. अश्विन मास के पितृपक्ष में पितरों को आशा लगी रहती है कि हमारे पुत्र-पौत्रादि हमें पिण्ड़ दान तथा तिलांजली प्रदान कर हमें संतुष्ट करेंगे. यही आशा लेकर वे पितृलोक से पृथ्वी लोक पर आते हैं. अतएव प्रत्येक हिन्दु सद् गृहस्थ का धर्म है कि वह पितृपक्ष में अपने पितरों के निमित्त श्राद्ध एवं तर्पण अवश्य करें तथा अपनी शक्ति के अनुसार फ़ल-फ़ूल जो भी सम्भव हो पितरों के निमित्त प्रदान करें. पितृपक्ष पितरों के लिये पर्व का समय है. अतएव इस पक्ष में श्राद्ध किया जाता है.
श्राद्ध में हमें कुछ बातों का विशेष विचार करना चाहिये. जैसे कि-
- श्राद्ध के निमित्त बनाया गया भोजन अत्यन्त शुद्ध व सात्विक होना चाहिये.
- श्राद्ध में काम, क्रोध और मोह का त्याग करना चाहिये.
- जो भी श्राद्ध करने का व्यक्ति हो, उन्हें पूरें पन्द्रह दिनों तक पूर्ण ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिये. प्रतिदिन स्नान के बाद तर्पण करना चाहिये. तेल, उबटन आदि का उपयोग नही करना चाहिये.
- दातुन करना, पान खाना, तेल लगाना, स्त्री-प्रसंग, औषध सेवन और दूसरे का अन्न - यह सभी चीज़े श्राद्ध कर्ता के लिये वर्जित है.
- शास्त्रानुसार देवकार्य, पूजा-पाठ आदि में ब्राह्मणों की परिक्षा न करें, किन्तु पितृकार्य में अवश्य करें. लंगड़ा, काना, दाता का दास, अंगहीन एवं अधिक अंग वाला ब्राह्मण श्राद्ध में निषिद्ध है.
श्रद्धा द्वारा किये गये श्राद्ध से ही पितरों को सम्पूर्ण संतुष्टि मिलती है.
Tags:-
shradh, pitri paksh, pitru paksha 2011, pitru paksha, pitru paksha shraddh, श्राद्ध, पितृपक्ष श्राद्ध, श्राद्ध कर्म, श्राद्ध पक्ष