मौनी अमावस्या को रहे मौन
Posted by:
Neha1990
2014-01-30 04:05:06
1295 Views
आज यानि 30 जनवरी 2014 को मनाई जा रही मौनी अमावस्या अपने आप में एक विशेष महत्तव रखती है। अमावस्या के दिन मनु ऋषि का जन्म हुआ था और इसलिए इसे मौनी अमावस्या कहते है। मनु ऋषि को सृष्टि का प्रथम संचालक माना गया है क्योंकि वो धरती पर जन्म लेने वाले पहले इंसान थे। ऐसा माना जाता है कि इस दिन मौन व्रत धारण करते हुए यदि किसी पवित्र नदी में स्नान किया जाए तो शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है क्योंकि इस दिन सूर्य और चंद्रमा के गोचर वंश एक ही राशि में होते है।
मौन होने का महत्तव
मौनी अमावस्या के दिन मौन व्रत धारण करने की परम्परा सदियों से चली आ रही है। दरअसल, ऐसा माना जाता है कि मौन व्रत रखने से व्यक्ति को अपनी इन्द्रियों को अपने वश में रखने की शक्ति और प्रेरणा मिलती है। कहा जाता है कि हमेशा सोच-समझकर बोलना चाहिये। इसी कारणवश अपनी वाणी को संयम मे रखने के लिये ही मौन व्रत रखा जाता है। ऐसा विश्वास है कि मौन रखने से चित्त की शुद्धि और आत्मा का परमात्मा से मिलन होता है। हमारे शरीर की तामसिक शक्तियों का नाश होता है। इस दिन लोग यह संकल्प भी लेते है कि झूठ, छल-कपट और सभी बेकार की बातों से दूर रहते हुए अपने मन को सबल बनाये रखना है। ऐसा करने से मन शांत रहता है। मौन व्रत के दौरान मन में लगातार ब्रह्मदेव और गायत्री मंत्र का जाप करते रहना चाहिए।
दान देने का महात्म्य
आज के दिन लोग अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार दान देते है। दान में गाय, सोना, छाता, वस्त्र,बर्तन के साथ-साथ अन्य उपयोगी वस्तुएं भी दी जाती है। इस दिन विशेष तौर पर ब्राह्मणों को दान दिया जाता है। इस दिन किये गये दान को पुण्य और सौभाग्य का प्रतीक माना गया है।
स्नान का महत्तव
मौनी अमावस्या के दिन यदि कोई व्यक्ति अपने घर से धनुष मात्र की दूरी पर भी स्नान करता है तो उसे पुण्य की प्राप्ति होती है और उसके सभी पापों का नाश होता है। माघ मास में जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता हैं तो उस समय प्रयाग के संगम और पवित्र गंगा आदि नदियों में तीन करोड़ दस हजार तीर्थों का समागम होता है। इसका वर्णन श्री रामचरितमानस में भी किया गया है। पुराणों में ऐसा माना गया है कि इस दिन सभी नदियों का जल गंगाजल की भांति पवित्र और निर्मल हो जाता है। यदि किसी कारणवश आप त्रिवेणी के संगम या अन्य किसी तीर्थ स्थान पर नहीं जा पाते हैं, तो किसी भी नदी या नहर में स्नान करने पर आपको उतने ही पुण्य की प्राप्ति होगी, जितनी किसी तीर्थ या गंगा स्नान से मिलती है।
Tags:-
मौनी अमावस्या, Moni Amavasya 2014, पुण्य, 30 january 2014, गंगा स्नान, bhakti, spiritual, tradition, god, महाराज मनु, मौन व्रत, संगम, त्रिवेणी