मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मोक्षदा एकादशी कहा जाता है। इसी दिन भगवान श्री कृ्ष्ण ने महाभारत प्रारम्भ होने से पूर्व अर्जुन को श्रीमद् भगवतगीता का उपदेश दिया था। शास्त्रो के अनुसार इस दिन भगवान श्री कृ्ष्ण व गीता का पूजन करना चाहिए। इसके बाद आरती करके उसका पाठ करना करें। मोक्षदा एकाद्शी को दक्षिण भारत में वैकुण्ठ एकादशी के नाम से भी जाना जता है। गीता में भगवान श्री कृ्ष्ण ने कर्मयोग पर विशेष बल दिया है। ब्राह्राण को भोजन कराकर दान आदि देने से विशेष फल प्राप्त होते है। इस वर्ष यह एकादशी 13 दिसम्बर 2013 को है। मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी अनेकों पापों को नष्ट करने वाली होती है। यह एकादशी मोक्षदा के नाम से प्रसिद्ध है. इस दिन भगवान श्री दामोदर की पूजा, धूप, दीप, नैवेद्ध आदि से भक्ति पूर्वक करनी चाहिए।
मोक्षदा एकाद्शी व्रत कथा
मोक्षदा एकादशी व्रत को करने से व्यक्ति के पूर्वज जो नरक में चले गये है, उन्हें स्वर्ग की प्राप्ति होती है। इसकी कथा इस प्रकार है:-
प्राचीन गोकुल नगर में वैखानस नाम का एक राजा राज्य करता था। उसके राज्य में चारों वेदों के ज्ञाता ब्राह्माण रहते थे। एक रात्रि को स्वप्न में राजा ने अपने पिता को नर्क मे देखा, अपने पिता को इस प्रकार देख कर उसे बहुत दु:ख हुआ. प्रात:काल होते ही वह ब्राह्माणों के सामने अपनी स्वप्न कथा कहने लगा। अपने पिता को नरक में घोर यातनाएँ भुगता देखकर मुझे अत्यंत दुःख हो रहा है। आप लोग मुझे किसी प्रकार का तप, दान, व्रत आदि बताएं, जिससे मेरे पिता को मुक्ति प्राप्त हों। राजा के ऎसे वचन सुनकर ब्राह्माण बोले, यहां समीप ही में एक भूत-भविष्य के ज्ञाता "पर्वत" नाम के मुनि है। आप उनके पास जाईए, वे आपको इसका उपाय बतायेगें। राजा ऎसा सुनकर मुनि के आश्रम पर गए़ उस आश्रम में अनेकों मुनि तपस्या कर रहे थे। राजा ने जाकर ऋषि को प्रणाम करके बताया कि अकस्मात एक विध्न आ गया है. यह सुनकर मुनि ने आंखे बंद कर ली। और कुछ देर बाद मुनि बोले कि आपके पिता ने अपने पिछले जन्म में एक दुष्कर्म किया था. उसी पाप कर्म के फल से तुम्हारे पिता नरक में गए है। यह सुनकर राजा ने अपने पिता के उद्वार के लिए ऋषि से विनती करने लगे तब मुनि जी बोले हे राजन मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष में जो एकादशी होती है। उस एकादशि का आप उपवास करें। उस एकादशी के पुन्य के प्रभाव से ही आपके पिता को मुक्ति मिलेगी। मुनि के वचनों को सुनकर उसने अपने कुटुम्ब सहित मोक्षदा एकादशी का उपवास किया। उस उपवास के पुन्य को राजा ने अपने पिता को दे दिया. उस पुन्य के प्रभाव से राजा के पिता को मुक्ति मिल गई। और वे स्वर्ग में जाते हुए अपने पुत्र से बोले, हे पुत्र तुम्हारा कल्याण हों, यह कहकर वे स्वर्ग चले गए।
मोक्षदा एकाद्शी व्रत विधि
एकादशी व्रत के दिन मुख्य रुप से दस वस्तुओं का सेवन ना करें। जौ, गेहूं, उडद, मूंग, चना, चावल और मसूर की दाल दशमी तिथि के दिन नहीं खानी चाहिए। इसके अतिरिक्त मांस और प्याज आदि वस्तुओं का भी त्याग करना चाहिए। दशमी तिथि के दिन उपवासक को ब्रह्माचार्य का पालन करना चाहिए। और अधिक से अधिक मौन रहने का प्रयास करें। बोलने से व्यक्ति के द्वारा पाप होने की संभावनाएं बढती है, यहां तक की वृ्क्ष से पत्ता भी नहीं तोडना चाहिए। व्रत के दिन मिट्टी के लेप से स्नान करने के पश्चात ही मंदिर में पूजा करने जाना चाहिए। मंदिर या घर में श्री विष्णु पाठ करना चाहिए। और भगवान के सामने व्रत का संकल्प लेना चाहिए। दशमी तिथि के दिन विशेष रुप से चावल नहीं खाने चाहिए। परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस दिन चावल खाने से बचना चाहिए। व्रत में भोग लगाने के लिये फलों का प्रयोग करें। इस व्रत का समापन द्वादशी तिथि के दिन ब्राह्माणों को दान-दक्षिणा देने के बाद ही होता है। व्रत की रात्रि में जागरण करने से व्रत से मिलने वाले शुभ फलों में वृ्द्धि होती है।
मोक्षदा एकादशी महत्व
श्रीमद् भगवतगीता के अनुसार अन्य सभी लोक में मर कर गया हुआ प्राणी पुन: गर्भ में आता है लेकिन जो विष्णु लोक में जाता है, वह जीवन चक्र के फेर से मुक्त होकर मोक्ष प्राप्त करता है। यूं तो पृथ्वी पर जितने भी प्रकार के जीव हैं वह सभी परमात्मा के ही अंश हैं परंतु मोह वश कर्म बन्धन में फंस कर जन्म और मृत्यु के दो पाटों में पिसते रहते हैं। शरीर जब छूटता है तब आत्मा को अपने लक्ष्य का बोध होता और वह अफसोस करता है लेकिन जब पुन: प्रभु शरीर प्रदान करते है तो प्राप्त शरीर के कर्म में रम जाता है और अपने परम लक्ष्य से दूर होता चला जाता है। भगवत गीता में कहते हें मन ही कर्म बंधन में बांधने वाला है, इस पर जो काबू पा लेता है कर्म बंधन से मुक्त हो जाता है और सदा-सदा के लिए जीवन मृत्यु के च्रक से मुक्त हो जाता है।
Tags:-
Mokshada Ekadashi, Bhagavad Geeta, Bhakti, God, Lord Krishna, Lord Vishnu, Arjun, मोक्षदा एकादशी, भगवतगीता, श्री कृ्ष्ण, अर्जुन, विष्णु, महाभारत