भटके नहीं, स्थिर रहें
Posted by:
Nitin22
2014-05-12 05:10:00
990 Views
भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है कि मनुष्य को ऐसे चिंतन और ऐसे विचारों से स्वंय को दूर रखना चाहिए, जिससे जीवन में भटकाव की संभावना हो। अपने जीवन को स्थिरता के साथ जीना चाहिए। हमारा स्वभाव, निर्णय ऐसे नहीं होने चाहिए जो क्षण-क्षण में बदलते रहते हो.... स्वंय को उस प्रकार प्रतिबिंबित ना करें जिस प्रकार कोई वस्त्र वायु की दिशा बदलने की भाँति स्वंय की भी दिशा बदल लेता है क्योंकि ऐसे मनुष्यों का समाज में कोई महत्तव नहीं होता है।
परमात्मा ने आपको संसार में कर्म के साथ भक्ति के लिए भेजा है इस उद्देश्य को ना भूले, अपितु इसे समझने का प्रयास करें। आपके कर्म ही आपको ईश्वर और समाज में आपकी पहचान बनाते हैं और आपकी मृत्यु के बाद भी आपको आपके कर्मों के द्वारा ही याद किया जाता है। श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है कि ज्ञानी व्यक्ति मन की चंचलता की आंधी में भी स्वंय को मजबूती के साथ संभाल लेता है.. वह मन की चंचलता के हाथों स्वंय को अधीन होने का अवसर नहीं देता है। वह अपने मन के घोड़ों की कमान सदैव स्वंय के हाथ में रखता है, किंतु स्वंय को उनके हाथों में कभी नहीं सौंपता है.... जबकि कमजोर और अज्ञानी व्यक्ति मन की चंचलता के समक्ष पूर्ण रुप से परास्त हो जाता है। वह वहीं कार्य करता है, जो उसका मन उससे कहता है...वह मन के हाथों स्वंय को अधीन होने का अवसर देता है.., अज्ञानी व्यक्ति मन के हाथों स्वंय को परास्त मानता है... और जब व्यक्ति मन के समक्ष परास्त हो जाता है तो उसमे अच्छे और बुरे के बीच फर्क करने की समझ समाप्त हो जाती है और उस पर बुराईयाँ अपना अधिकार जमा लेती है।
इसके विपरित जो व्यक्ति अपने मन की चंचलता पर विजय पा लेता है वह समाज में सम्मानित किया जाता है। ऐसे बुद्धिमान व्यक्तियों को किसी की बुराई नहीं दिखती...और अगर बुराईयाँ दिखती भी हैं तो वे उसे नजरअंदाज कर देते हैं। वे सभी में कुछ-ना-कुछ अच्छाई सदैव ढूँढ लेते हैं, क्योंकि उनका मन उनके नियंत्रण में होता है इसलिए किसी के भी बुरे व्यवहार का उन पर कोई असर नहीं पड़ता है। ऐसे लोग सफलता से अभिभूत होकर घमंड के भंवर में नहीं फंसते हैं, वे सफलता के बाद भी स्वंय पर पूर्ण संयम रखते हैं और अपनी सौम्यता को बनाए रखते हैं। ऐसे लोग छोटी-से-छोटी और बड़ी-से-बड़ी समस्याओं के आने पर भी स्वंय को शांत बनाए रखते हैं....जीवन के घोर दुख में भी ये ना तो अधिक दुखी होते हैं और ना ही अधिक खुश...... ऐसे लोग संसार की अनुकूलता में, प्रतिकूलता में, प्रिय-अप्रिय में, संयोग में, वियोग में, मान में, अपमान में अपने जीवन को एक समान रखते हैं, और संसार को शांति, प्रेम और संयम का संदेश देते है।
Tags:-
गीता, जीवन, गीता-संदेश, शांति, प्रेम, संयम, श्रीकृष्ण, दुख, सुख, भक्ति, जीवन यात्रा