भगवान जगन्नाथ पूजन विधि
Posted by:
snehaghai
2015-07-17 09:58:50
767 Views
भगवान श्री जगन्नाथ जी के द्वादश यात्राओं में गुण्डिचा यात्रा मुख्य है. इसी गुण्डिचा मंदिर में विश्वकर्मा जी ने भगवान जगन्नाथ जी, बलभद्र जी तथा सुभद्राजी की सुन्दर प्रतिमाएँ बनाई थी, तथा महाराज इन्द्रद्युम्न ने इन्हीं मूर्तियों को इस मंदिर में प्रतिष्ठित किया था. इसीलिए गुण्डिचा मंदिर को ब्रह्मलोक या जनकपुर भी कहा जाता है. गुण्डिचा मंदिर में यात्रा के समय श्री जगन्नाथ जी विराजमान होते हैं उस समय यहाँ जो महोत्सव होता है वह गुण्डिचा - महोत्सव कहलाता है.
स्कन्द पुराण के अनुसार ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा में ज्येष्ठा नक्षत्र के एक ही अंश में चन्द्रमा और बृहस्पति हो, बृहस्पति का ही दिन हो और शुभ योग भी हो तो वह महाज्येष्ठी पूर्णिमा कहलाती है. यह सभी पापों का नाश करके महापुण्यमयी तथा भगवान की प्रीति को बढ़ाने वाली है. ऐसे शुभ समय में करुणा सिंधु देवेश्वर और जगन्नाथ जी के स्नानाभिषेक से मनुष्य पाप राशि से मुक्त हो जाता है.
जो व्यक्ति रथ यात्रा को खींच नही सकता, वह रथयात्रा का भक्तिपूर्वक दर्शन करने मात्र से सौ जन्मों के पापों से मुक्त हो जाता है. रथ में स्थित हो महादेवी की ओर जाते हुए उन पुरुषोत्तम श्रीकृष्ण बलभद्र और सुभद्राजी का दर्शन करके मनुष्य अपने करोड़ो जन्मों के पापों को नष्ट कर लेता है. मेघों के द्वारा जल की वर्षा के संयोग से रथ का मार्ग जब कीचड़ युक्त हो जाता है, उस समय भी वह श्रीकृष्ण की दिव्य दृष्टि पड़ने से समस्त पापों का नाश करने वाला होता है.
जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ बलभद्र और देवी सुभद्रा की मूर्तियों से सुसज्जित रथ यात्रा जब गुण्डिचा मंदिर में पहुँचती है तो श्रद्धा पूर्वक सातो दिनों तक मौन भाव से तीनकाल स्नान करें और तीनों संध्याओं में कलश पर भक्ति भगवान की पूजा करें. गाय के घी अथवा तिल के तेल से सात दिनों के लिए अखण्ड़ ज्योति स्थापित करें. इस व्रत का पूरी तरह पालन करके मनुष्य धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष चारों पुरुषार्थो को अपनी रुचि के अनुसार प्राप्त करता है.
आषाढ़ शुक्ल नवमी को प्रातः काल की यात्रा में प्रयत्नपूर्वक भाग लेना चाहिए. यात्रा और मंदिर प्रवेश ये तीनों मिलकर भगवान का का एक ही उत्सव माना गया है. यह पूरी यात्रा नौ दिनों की होती है. जिन लोगों ने तीन अंगो वाली इस यात्रा की पूर्णतः उपासना की है उन्हीं के लिए यह महादेवी महोत्सव सम्पूर्णं फ़ल देने वाला होता है. गुण्डिचा-मण्डप से रथ यात्रा बैठकर दक्षिण दिशा की ओर आते हुए श्रीकृष्ण, बलभद्र और सुभद्रा जी का जो दर्शन करते हैं वे मोक्ष के भागी होते हैं अर्थात भगवान के बैकुण्ठ धाम जाते हैं.
Tags:-
bhagwan jagannath, jagannath rath yatra, gundicha temple, balbhadra, subhadra, lord vishwakarma