याद रखो - भगवान एक हैं, परन्तु उन तक पहुँचने के मार्ग अनेक हैं. साध्य एक हैं, परन्तु उसे प्राप्त करने के साधन अनन्त हैं. साध्य एक होने पर भी साधनों में अनेकता अनिवार्य है. जैसे काशी एक है, परन्तु काशी पहुँचने के पथ विभिन्न हैं. पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण-सभी दिशाओं के मनुष्य काशी को लक्ष्य बनाकर चलेंगे तो काशी पहुँचगे. परन्तु वे चलेंगे अपनी-अपनी दिशा से तथा अपने-अपने मार्ग से ही. मार्गो के अनुभव भी उनके पृथक-पृथक होंगे. कोई यह चाहे कि पूर्व से आने वाला पश्चिम से आने वाले के पथ से ही आये तथा उत्तर से आने वाला दक्षिण के ही पथ से आये तो जैसे यह चाहना भ्रम मूलक है, वैसे ही भगवान तक अपने परम लक्ष्य तक पहुँचने का साधन एक ही हो. यह मानना भी भ्रम है. रुचि, समझ, अन्तःकरण के स्वरुप, त्रिगुणों की न्यूनाधिकता, पूर्व संस्कार, वातावरण आदि के अनुसार ही विभिन्न साधन होंगे. अतएव किसी भी भगवत्प्राप्ति के साधन की न निन्दा करो, न किसी को देखकर लुभाओ. लक्ष्य पर नित्य दृष्टि रखकर अपने पथ से चलते रहो. भगवान ही जीवन के परम साध्य हैं. इसे क्षण भर के लिये भी न भूलकर नित्य-निरन्तर अपने साधन में लगे रहो. दूसरे क्या करते हैं, क्या कहते हैं, इसकी ओर न देखकर निरन्तर अपने मार्ग पर सावधानी से आगे बढ़ते रहो.
याद रखो- यदि तुम्हारे जीवन में दैवी सम्पत्ति बढ़ रही है, मन विषयों से हट रहा है, भगवान के प्रति आकर्षण अधिक हो रहा है, मन में शान्ति तथा आनन्द की वृद्धि हो रही है और ये धीमी या तेज जिस चाल से बढ़ रहे हैं तो समझ लो कि तुम उसी मात्रा में उत्तरोत्तर आगे बढ़ रहे हो और यदि तुम्हारे जीवन में आसुरी सम्पत्ति बढ़ रही है, मन विषयों की ओर खिंच रहा है, मन में अशान्ति तथा चिन्ता की वृद्धि हो रही है और ये मन्द तथा तीव्र जिस गति से बढ़ रहें हैं तो उसी गति से तुम पीछे हट रहे हो, तुम्हारा पतन हो रहा है. अतएव सावधानी के साथ अपने जीवन की भीतरी स्थिति को देखते रहो. तुम्हारा वही वास्तविक स्वरुप है, जैसी तुम्हारी भीतरी स्थिति है.
सबसे आवश्यक और सबसे प्रथम करने योग्य कार्य है - लक्ष्य का निश्चय. भगवान ही जीवन के परम लक्ष्य हैं. यह निश्चय करना और फ़िर इसी लक्ष्य को सामने रखकर जीवन में प्रत्येक भीतरी -बाहरी क्रिया करना. जीवन का निश्चित लक्ष्य भगवान होंगे तो तुम्हारा मुख भगवान की तरफ़ होगा और तुम धीमी या तेजचाल से भगवान की ओर बढ़ते ही रहोगे क्योकि जीव मात्र सब चल ही रहे हैं. काल चक्र में पड़े हुये नित्य-निरन्तर चलते रहना ही संसार में जीव का कार्य है. फ़िर वह चाहे भगवान के सामने मुख करके उनकी ओर चले या विषयों को सामने रखकर उनकी ओर.
याद रखो- हिमालय की तपोभूमि की ओर जाने वाले को जैसे आगे से आगे शीतलता(ठंड़क), एकान्त भूमि, त्यागी साधू-महात्मा तथा सुख-शान्ति आदि मिलेंगे और इसके विपरीत गरम देश में भोगमय बड़े-बड़े नगरों की ओर जाने वाले को उत्तरोत्तर गर्मी, भीड़-भाड़, भोगी-विषयी लोग-चोर-ठग-ड़ाकू, अशान्ति, चिन्ता आदि की प्राप्ति होगी, ठीक वैसे ही भगवान की ओर जाने वाले को आगे से आगे दैवी सम्पत्ति, सत संगीत, विषय-वैराग्य, शान्ति, आत्मानन्द, पवित्र आचार-विचार आदि मिलते रहेंगे और भोगों की ओर जाने वाले को आसुरी सम्पदा, कुसंगति, विषयासक्ति, अशान्ति, भोगों में आनन्द का भ्रम, अपवित्र पाप-कर्मादि, दिन-रात की जलन आदि प्राप्त होंगे. अतएव अपने आप को इन लक्षणों के अनुसार देख-जाँचकर निर्णय कर लो कि तुम किस ओर जा रहे हो और यदि दुःखमय अनित्य भोगों की ओर जा रहे हो तो तुम्हारे लिये दुःख तथा पतन निश्चित है. फ़िर भले ही तुम बुद्धिमान, ज्ञानवान, साधु, भक्त, महात्मा, नेता, अधिकारी, ऐश्वर्यवान सुखी क्यों न समझें-कहे जाते हों या मानते हो. अतः तुरन्त विषयों की ओर पीठ करके भगवान के सामने मुख कर लो.
Tags:-
Lord, thought, relief, money, robber, day, night, clean, face, mouth