बुद्धिजीवियों ने कहा है की बिना ज्ञान वाला मनुष्य धरती पर पशु के समान है। इसलिए भारत में गुरु को ईश्वर से भी ऊँचा स्थान दिया गया है क्योंकि गुरु ही वह साधन है जो ज्ञान का मार्ग दिखाता है, ज्ञान की तरफ अग्रसर करता है। हिन्दु धर्म में बसंत पंचमी को ज्ञान की देवी सरस्वतीजी की आराधना का दिन माना गया है। इस दिन स्कूलों और कॉलेजों के साथ-साथ घरों में भी खास तौर पर तैयारी की जाती है और इसीलिये माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को वसंत पंचमी के दिन संगम में डुबकी लगाना बहुत शुभ माना गया है।
बसंत पंचमी का महत्तव -
यदि हम बात करें कि आखिर बसंत पंचमी का महत्तव क्या है.... दरअसल, गावों में पारम्परिक तौर पर बच्चों के कोरे मन के भीतर ज्ञान का दीपक जलाने के लिए बसंत पंचमी को ही सबसे शुभ दिन की संज्ञा दी गई है। क्योंकि भारत का भविष्य अगर उसके युवा और बच्चे हैं तो, इनके उज्जवल भविष्य की आधारशिला ज्ञान और शिक्षा को माना गया है। इस दिन पुरुष खास तौर पर कुर्ता-पाजामा पहनते हैं, तो महिलाओं में पीले रंग के वस्त्र धारण करने की परम्परा हैं। इस दिन पितृ-तर्पण के साथ-साथ कामदेव की भी पूजा की जाती है। लेकिन सबसे अधिक महत्वपूर्ण विद्या की देवी अर्थात सरस्वती जी की पूजा को ही माना गया है।
सरस्वती : ज्ञान की देवी-
सरस्वती को साहित्य, संगीत, कला और अपार ज्ञान की देवी माना गया है। इनके हाथों में वीणा संगीत और सुर की, पुस्तक विचार और ज्ञान की और मयूर वाहन अमूल्य कला की अभिव्यक्ति के प्रतीक है। ब्रह्माजी ने जब सृष्टि की रचना करते हुये सबसे उत्तम जीव यानि मनुष्य की रचना की तो उन्होंने अनुभव किया की मनुष्य जैसी सर्वश्रेष्ठ कृति भी ज्ञान के बिना पशु समान ही है। अज्ञानी मनुष्य के मस्तिष्क पर बुराई अपना वर्चस्व सरलता से व्याप्त कर सकती है और एक मात्र ज्ञान ही ऐसा शस्त्र है, जो मनुष्य को राक्षस बनने से रोक सकता है। इसीलिए उन्होनें विष्णु जी से आज्ञा लेकर एक चतुर्भुजी स्त्री की रचना की, जिनके एक हाथ में वीणा, दूसरे हाथ में वर, अन्य दोनों हाथों में पुस्तक और माला थी और यही सरस्वती जी का स्वरुप है। सरस्वती का अवतरण माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को हुआ था, इसीलिए इस दिन को वसंत पंचमी के रूप में मनाया जाता है।
सरस्वती जी की अराधना का स्वरूप -
सरस्वती जी की अराधना किस प्रकार करते है आइये जानते है..... सबसे पहले मां सरस्वती की पूजा करने से पूर्व उन्हें स्नान कराकर सफेद वस्त्र धारण सजाया जाता है । इसके बाद सरस्वती मां की प्रतिमा को सामने रखकर कलश स्थापित करते हुये गणेश जी के साथ-साथ नवग्रहों की भी विधिवत पूजा की जाती है। गणेश जी की उपासना का कारण यह है कि गणेश जी को सभी देवी-देवताओं में सबसे पहले पूजा जाता है। इसके बाद माता सरस्वती की पूजा आरम्भ करते हुये उन्हें फूल-माला चढाने के साथ-साथ सिन्दुर से तिलक करते हुये अन्य श्रृंगार की वस्तुएं भी अर्पित की जाती है। मां को पीले रंग के फलों के साथ-साथ मालपुए और खीर का भी भोग लगाया जाता है। सरस्वती मां की आराधना के लिए हवन करते हुये गणेश जी, नवग्रह के नाम के साथ हवन करना चाहिये और सरस्वती माता के नाम से 'ओम श्री सरस्वतयै नम: स्वहा' मंत्र को एक सौ आठ बार उच्चारित करना चाहिये। हवन के बाद सरस्वती माता की आरती करें और हवन का भभूत लगाएं। मां के पूजन की विधि यही समाप्त नही होती क्योकि, माघ शुक्ल पंचमी के दिन सरस्वती की पूजा के बाद षष्टी तिथि की सुबह माता सरस्वती की पूजा करने के बाद उनका विसर्जन करने की विधि ही इसे सम्पूर्ण बनाती है और इसके लिए संध्या काल में मूर्ति को प्रणाम करते हुये जल में प्रवाहित करना शुभ माना गया है।
Tags:-
बसंत पंचमी, सरस्वती जी, ज्ञान, संस्कृति, पूजा, अराधना, goddess of education, sarswati ji, culture, god, education, literature, human, teacher, hindu religion, traditional, l