पार्वती जन्म तथा तप
Posted by:
tniranjan
2012-02-18 05:44:25
1482 Views
दक्ष प्रजापति की पुत्री सती अपने पिता के यज्ञ में, अपने पति का अपमान न सह पाने के कारण, स्वयं को योगाग्नि में भस्म कर दिया था. भगवती सती ने मरते समय श्रीहरि से वरदान माँगा था - 'प्रभो! मेरा जन्म कही भी हो, किन्तु मेरा भगवान शिव के चरणों में नित्य अनुराग बना रहे.' इसीलिये दक्ष-यज्ञ में शरीर त्याग करके उन्होंने राजा हिमाचल और मेनका के घर पार्वती रुप में जन्म लिया.
भगवती शिवा के जन्म का समाचार सुनकर देवर्षि नारद उनके दर्शन के लिये हिमाचल के घर पधारे. पर्वतराज ने अपनी कन्या का भविष्य जानने की इच्छा से उन्होंने उससे मुनि के चरणों में प्रणाम करवाया और हाथ जोड़कर कन्या के भूत, वर्तमान और भविष्य के बारे में जानने की इच्छा प्रकट की.
तब देवर्षि नारद ने देवी पार्वती के पूर्व जन्म की कथा कह सुनाई. देवर्षि नारद पर्वतराज से बोले- हे!राजन, तुम्हारी यह कन्या सभी सुलक्षणों से सम्पन्न है तथा इसका विवाह भगवान शंकर से होगा. किन्तु महादेव जी को पति के रूप में प्राप्त करने के लिये तुम्हारी पुत्री को घोर तपस्या करना होगा. इसलिये अपने पति के कल्याण के लिये तुम इसे तुम इसे तप की शिक्षा दो.
देवर्षि नारद के वचनों से प्रभावित होकर देवी पार्वती को भगवान शंकर से अनुराग हो गया. एक दिन माता-पिता का आदेश प्राप्त कर उमा भगवान शंकर को पति रुप में प्राप्त करने के लिये तप हेतु वन में चली गयीं.
यद्यपि देवी पार्वती का सुकुमार शरीर तप के योग्य नही था, तथापि शिव-चरणों का स्मरण करके वे घोर तप करने लगीं. उन्होंने समस्त भोगों को त्याग दिया. उस समय भगवती साक्षात् तपस्या ही प्रतीत हो रही थीं. भगवान शिव के चरणों में उनका नित्य नवीन अनुराग बढ़ने लगा. तप में वह इतनी तल्लीन हो गई कि शरीर की सारी सुधि बिसर गई. उन्होंने एक हजार वर्ष मूल और फ़ल खाकर बिताया. कुछ दिन कठोर उपवास किया तथा कुछ दिन केवल जल और वायु का सेवन किया. तीन हजार वर्ष तक वे केवल सूखे बेल पत्र खाकर रहीं फ़िर उसको भी छोड़ दिया. जिससे उनका एक नाम अपर्णा पड़ा. उनके नित्य-प्रति बढ़ते तप के प्रभाव से एक दिन आकाशवाणी हुई- 'हे गिरिराजकुमारी! तुम्हारा तप सफ़ल हुआ. तुम्हें निश्चय ही भगवान शिव पति रुप में प्राप्त होंगे. इतना कठोर तप करने वाला विश्व में आजतक कोई पैदा नही हुआ. जब तुम्हारे पिताजी तुम्हें बुलाने आवें, तब घर चली जाना और जब तुम्हें सप्तर्षि मिलें तब इस वाणी को सत्य समझना'. आकावाणी सुनकर पार्वती जी परम प्रसन्न हुई. 'भगवान शिव मिलेंगे'. यह सोचकर उनका रोम-रोम पुलकित हो गया.
Tags:-
Mata parvati, devi sati, daksh prajapati, shiva, lord shiva, narad, devarishi narad, parvatraj, giriraj