नवरात्र का शाब्दिक अर्थ होता है नौ रात्रियां अर्थात शाब्दिक आधार पर देखें तो नवरात्र पर्व में दिन की अपेक्षा रात्रि के समय अधिक महत्व है।
नवरात्र के इन नौ दिवसों में नवदुर्गा पूजन किया जाता है अर्थात मॉं जगदम्बा के एक विशिष्ट स्वरूप का पूजन और आराधन किया जाता है। मार्कण्डेय पुराण में इन स्वरूपों का वर्णन प्राप्त होता है।
प्रथमं शैलपुत्री च, द्वितीयं ब्रह्मरचारिणी तृतीयं चन्द्रघण्टेति, कूष्मांडेति चतुर्थकम् पंचमं स्कन्दमातेति, षष्ठं कात्यायनीति च सप्तमं कालरात्रीति, महागौरीति चाष्टमं नवमं सिद्धिदात्री च, नवदुर्गा प्रकीर्तिता।
1- शैलपुत्री- भगवती माँ जगदम्बा का यह प्रथम स्वरूप है। शक्ति की प्रथम उत्पत्ति शैलपुत्री के ही रूप में हुई थी, अतः नवरात्र के प्रथम दिन इन्हीं का ध्यान और मंत्र जप करने का विधान है। नवरात्र के प्रथम दिन पूजा-अर्चना और पाठ आदि करने के पश्चात् सम्पूर्ण दिन देवी शैलपुत्री के स्वरूप का ध्यान करते हुए निम्नलिखित मंत्र का मानसिक जप करते रहें।
मंत्र- ॐ शैलपुत्रयै नमः।
2- ब्रह्मरचारिणी- माँ भगवती का यह द्वितीय स्वरूप है। शैलपुत्री के रूप में उत्पन्न होने के पश्चात् उन्होने भगवान शिव को प्राप्त करने के लिए ब्रह्मरचारिणी का रूप धारण किया था, अतः नवरात्र के दूसरे दिन इस स्वरूप का ध्यान करते हुए निम्नलिखित मंत्र का मानसिक जप करना चाहिए।
मंत्र- ॐ ब्रह्मरचारिण्यैः नमः।
3- चन्द्रघण्टा- नवरात्र के तीसरे दिन देवी माता के इस स्वरूप का ध्यान और पूजा करनी चाहिए। साथ ही निम्नलिखित मंत्र का मानसिक जाप करते रहना चाहिए।
मंत्र- ॐ चन्द्रधण्टायै नमः
4-कूष्मांडा- जगदम्बा के इस स्वरूप की आराधना नवरात्र में चौथे दिन करने का विधान है। ज्योतिष शास्त्र में जो जातक रमल विद्या के माध्यम से भविष्य कथन करते हैं, वे कूष्मांडा देवी को अपना इष्ट मानते हैं और इनकी कृपा से ही सफलता प्राप्त करते हें। इनका स्मरण निम्नलिखित मंत्र के माध्यम से करें।
मंत्र- ॐ कूष्मांडायै नमः
5- स्कन्द माता- भगवान शिव से विवाह के पश्चात् माँ जगदम्बा भगवान स्कन्द कार्तिकेय की माता बनी थी, अतः नवरात्र के पांचवें दिन इसी रूप में देवी दुर्गा की पूजा की जाती है। इस स्वरूप में माँ दुर्गा के साथ-साथ भगवान स्कन्द की भी पूजा की जाती है। इनका ध्यान निम्नलिखित मंत्र के साथ करना चाहिए। इनकी पूजा सभी माताओं को अवश्य करनी चाहिए, क्योंकि इनकी पूजा से संतान का मंगल होता है।
मंत्र- ॐ स्कन्दमात्रै नमः
6- कात्यायिनी- नवरात्र के छठे दिन देवी कात्यायिनी की पूजा करने का विधान प्राप्त होता है। जिन कन्याओं का विवाह समय पर नहीं हो पा रहा है अथवा विवाह में अनेक अडचने आ रही हैं, उन्हें भगवती के इस स्वरूप की आराधना अवश्य करनी चाहिए। इनका मानसिक स्मरण निम्नलिखित मंत्र के माध्यम से करना चाहिए।
मंत्र- ॐ कात्यायण्यै नमः
7- कालरात्रि- नवरात्र के सातवें दिन देवी कालरात्रि की आराधना करनी चाहिए। देवी दुर्गा का यह अत्यन्त रौद्र रूप है एवं इस रूप में वे सृष्टि के निर्माण की रक्षा करती है। इसके अतिरिक्त प्रलयकाल के समय इस रूप में सृजन का विनाश भी करती हैं। शत्रुओं के विनाश के लिए इस स्वरूप की आराधना शीघ्र फलदायी होती है। इनका ध्यान करते समय निम्नलिखित मंत्र का उच्चारण करना चाहिए।
मंत्र- ॐ कालरात्रयै नमः।
8- महागौरी- इस स्वरूप की गणना श्री दुर्गा के पूर्ण स्वरूप के रूप में की जाती है। इनकी आराधना से घर में पूर्ण सुख और शांति बनी रहती है। इस रूप में माँ दुर्गा शक्ति बनकर शिव के साथ रहती है और चैतन्य का संचार करती है। इनका स्मरण निम्नलिखित मंत्र के माध्यम से करते रहना चाहिए।
मंत्र- ॐ महागौर्यै नमः
9- सिद्धिदात्री- जगदम्बा का यह स्वरूप भी पूर्ण स्वरूप है। प्रथम दिवस जो पूजा-अर्चना शैलपुत्री के रूप में की गई थी, वह नवरात्र के नवें दिन सिद्धिदात्री के स्वरूप तक आकर पूर्ण हो जाती है। इस स्वरूप में देवी दुर्गा प्रसन्न होकर साधक को सिद्धि प्रदान करती है और भक्तों के सभी मनारथ पूर्ण करती हैं। देवी के इस स्वरूप का ध्यान निम्नलिखित मंत्र के साथ करना चाहिए।
मंत्र- ॐ सिद्धिदात्रयै नमः
प० राजेश कुमार शर्मा भृगु ज्योतिष अनुसन्धान केन्द्र मेरठ, उत्तर प्रदेश, 09359109683
Tags:-
नवरात्र एवं नवदुर्गा, नवरात्रि, देवी पूजा, नवरात्रि पूजा, navratri & navdurga, navratri puja, devi puja, navdurga