हर्ष, उल्लास तथा विजय का प्रतिक है दिवाली का त्यौहार, ये कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है, इस पर्व को पुरे भारत मे बडी ही धुम-धाम से मनाया जाता है, विजयादशमी के दिन अत्याचारि रावण का वध कर आज के ही दिन श्रीरामचन्द्र जी अयोध्या लौटे थे। उनके लौटने की खुशी में यह पर्व मनाया जाता है।
यह त्योहार अपने साथ ढेरों खुशियां लेकर आता है। एक-दो हफ्ते पूर्व से ही सभी लोग अपने घरो को अलग-अलग रंगो से एक नया रुप देने मे लग जाते हैं। बाजार में अनेको प्रकार के साजो सामान घरो की सजावट के लिए मिलती है, जिससे हम अपने घरो को ओर खुबसूरत बना सकते है, अलग-अलग तरह की लाईटे इस खुबसूरती को चार चाँद लगा देने का कार्य करती है.
अंधकार पर प्रकाश की विजय का यह पर्व समाज में उल्लास, भाई-चारे व प्रेम का संदेश फैलाता है। यह पर्व सामूहिक व व्यक्तिगत दोनों तरह से मनाए जाने वाला ऐसा विशिष्ट पर्व है जो धार्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक विशिष्टता रखता है। हर प्रांत या क्षेत्र में दीवाली मनाने के कारण एवं तरीके अलग हैं पर सभी जगह कई पीढ़ियों से यह त्योहार चला आ रहा है। लोगों में दीवाली की बहुत उमंग होती है। लोग अपने घरों का कोना-कोना साफ़ करते हैं, नये कपड़े पहनते हैं। मिठाइयों के उपहार एक दूसरे को बाँटते हैं, एक दूसरे से मिलते हैं। घर-घर में सुन्दर रंगोली बनायी जाती है, दिये जलाए जाते हैं और आतिशबाजी की जाती है। बड़े छोटे सभी इस त्योहार में सम्मिलित होते है।
इस दिन भगवान गणेश तथा माता लक्ष्मीजी की पूजा की जाती है।
दिवाली की विशिष्टता पाँच विभिन्न दिनों तक होती है, प्रत्येक दिन का अपना अलग महत्व है। पाँच दिनों तक लोग इस त्योहार को बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। जो इस प्रकार है:-
पहला दिन:- धनतेरस
दीवाली के पहले दिन को धनतेरस के रूप में मनाया जाता है। धनतेरस को धनवन्तरी दिवस भी कहा जाता है। यह वास्तव में कृष्ण पक्ष, कार्तिक के महीने के तेरहवें दिन मनाया जाता है। इस दिन भगवान धनवन्तरी मानव जाति के उद्धार के लिए समुद्र से बाहर आए थे। इस दिन दीपावली समारोह की पूरे जोश के साथ शुरुआत हो जाती है।
सूर्यास्त के दौरान इस दिन हिंदु नहा कर मृत्यु के देवता यम राज की असामयिक मृत्यु से बचाव के लिए प्रार्थना करते हैं।पूजा का स्थान हमेशा तुलसी या किसी अन्य पवित्र वृक्ष के निकट बनाया जाना चाहिए। इस दिन धन के देवता कुबेर की पूजा की जाती है। कुबेर यंत्र की स्थापना कर, दीपक जला कर पूजा करें और मिठाई का प्रसाद अर्पित करें।
दूसरा दिन:- छोटी दीवाली (नरक चतुर्दशी)
कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष पर पड़ने वाली चतुर्दशी पर नरक चौदस का त्यौहार मनाया जाता है। इसे छोटी दीपावली भी कहते है। दीपावली की तरह ही इस दिन भी दीप प्रज्वलित किए जाते हैं। इस दिन सूर्योदय से पहले उठकर तेल उबटन से मालिश करके चिचड़ी की पत्तियां जल में डालकर स्नान का विधान है। ऐसा करने से नरक से मुक्ति मिलती है। स्नान के पश्चात विष्णु मंदिर और कृष्ण मंदिर में भगवान की आराधना अत्यन्त पुण्यदायक मानी गई है। इससे पाप कटता है और सौन्दर्य की प्राप्ति होती है।
तीसरा दिन:- लक्ष्मी - गणेश पूजा
जब तक माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश की अराधना ना की जाए दिवाली का उत्सव अधूरा माना जाता है। हिंदू स्वयं को और उनके परिवारों को शुद्ध कर दिव्य देवी लक्ष्मी से बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय प्राप्त करने का अधिक धन और समृद्धि का आशीर्वाद माँगते हैं। दिवाली के दिन लक्ष्मी और गणेश यंत्र के साथ हम श्री यंत्र की भी स्थापना कर सकते हैं। श्री यंत्र के द्वारा घर की सभी नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है व शांति, समृद्धि और सद्भाव की वृद्धि होती है।
चौथा दिन:- विश्वकर्मा व गोवर्धन पूजा
चौथे दिन गोवर्धन पूजा की जाती है। कई हजारों साल पहले, भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को उठा कर बृज के लोगों का उद्धार किया था। यही कारण है कि तब से, हर साल हिन्दू गोवर्धन पूजा कर के इस दिन को उत्सव के रूप में मनाते हैं। एक मुखी रूद्राक्ष को धारण कर आप जीवन में सफलता, सम्मान और धन की प्राप्ति कर सकते हैं।
तथा इसी दिन स्वर्ग लोक से लेकर द्वारिका तक के रचयिता भगवान विश्वकर्मा जी की भी पूजा का विधान है , और साथ ही यह भी कहा जाता है की भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा से व्यापार में तरक्की होती है। विश्वकर्मा पूजा वाले दिन देश के विभिन्न राज्यों के औद्योगिक क्षेत्रों, फैक्ट्रियों, लोहे की दुकान, वाहन शोरूम, सर्विस सेंटर आदि में पूजा की जाती है। विश्वकर्मा पूजा के मौके पर मशीनों, औजारों की सफाई एवं रंगरोगन भी किया जाता है। इस दिन ज्यादातर कारखाने बंद रहते हैं और लोग हर्षोल्लास के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा करते हैं।
पांचवा दिन:- भाई दूज
दीवाली के पांचवें दिन भाई दूज का त्योहार होता है। सामान्य रूप से यह दिन भाई बहनों को ही समर्पित होता है। यह मान्यता है कि वैदिक युग में मृत्यु के देवता यम ने इस दिन अपनी बहन यमुना के घर जाकर उनसे तिलक करवा कर उन्हे मोक्ष का वरदान दिया था। उसी प्रकार भाई इस दिन बहन के घर जाते हैं और बहनें टीका कर भाई की सुख समृद्धि की मंगल कामना करती हैं। भाई इस दिन बहनों को भेंट स्वरूप उपहार देते हैं।
Tags:-
Diwali,Bhakti,God,Lord Ganesha,Mata Laxmi,Festival,Kartik, Dhanteras, Bhai Dooj ,Deepawali,Lord Rama, Vishvakarma Puja, Govardhan Puja, दिवाली,कार्तिक