दो भाई थे. बड़े का नाम सुवृत्त था, छोटे का वृत्त. दोनों पढ़े लिखे विद्वान थे. जन्माष्टमी के दिन दोनों प्रयाग पहुँचे. बेनिमाधव के मंदिर का उत्सव देखने निकले ही थे कि जोर की वर्षा आ गई. दोनों रास्ता भूल गये. सुवृत्त भटकर एक कोठे पर जा पहुँचा. उसने चाहा कि वृत्त भी उसके साथ रुक जाये, पर वह नही रुका. वृत्त भटकते-भटकते माधव जी के मंदिर में जा पहुँचा.
सुवृत्त वेश्या के कोठे पर था, वृत्त माधव जी के मंदिर पर दोनों का मन ठिकाने पर नही था. सुवृत्त सोच रहा था-धन्य है वृत्त, जो आज जन्माष्टमी के अवसर पर माधव जी के दर्शन कर रहा है. मैं अभागा पड़ा हूँ इस पाप के निवास में. छि...छि....
वृत्त खड़ा था मंदिर में. उसकी आँखों के आगे पूजा, आराती, कथा-कीर्तन हो रहा था पर उसे वह सब दिखता ही नही था. वह सोच रहा था- कहाँ आ फ़ंसा मैं! अच्छा होता मैं भी भईया के साथ कोठे पर रहकर जीवन के आनन्द लूटता.
सवेरे दोनों अपनी-अपनी जगह से निकले और एक-दूसरे को खोजने निकल पड़े. जब दोनों एक दूसरे के पास पहुँचे, तभी ऊपर से बिजली गिरी और दोनों भाई एक साथ समाप्त हो गये.
यमराज के तीन दूत वहाँ आ गये और विष्णु के दो दूत. यमदूतों ने वृत्त को पकड़ा. विष्णु दूतों ने सुवृत्त को अपने साथ लिया. सुवृत्त बोला- '' यह क्या कर रहें हैं आप लोग? मैं तो रात भर वैश्या के कोठे पर था, मुझे नरक ले जाना चाहिये था. वृत्त रात भर भगवान के मंदिर में था, उसे स्वर्ग ले जाना चाहिये था. आप उल्टा कर रहें हैं. यह तो सरासर अन्याय है.''
विष्णु दूत हँसकर बोले- हम लोग अन्याय नही करते. धर्म का रहस्य बहुत गूढ़ है. धर्म के जितने भी काम किये जाते हैं, वह सब इसलिये कि मनुष्य का चित्त, उसका मन शुद्ध हो, पवित्र हो. आज की रात भले ही तुम्हारी वेश्या के कोठे पर कटी है, पर इससे क्या? मन से तो तुम भगवान का ही चिन्तन करते रहे. इसलिये तुम विष्णु लोक जाने के अधिकारी हो. तुम्हारा भाई वृत्त भले ही माधव जी के मंदिर में रात भर रहा, पर उसका मन कहाँ था? सोचता रहा- 'भैया, कैसा आनन्द लूट रहे होंगे, मैं उससे वंचित रह गया.' तो जहाँ मन, वही हम. जो जैसा चिन्तन करेगा, वैसा ही उसे फ़ल मिलेगा.
Tags:-
Janmashtami, temple, lord Krishna, dharma, yamdut, lord Vishnu, brother, puja, aarti, kirtan, katha