राजा जनक की असीम सुंदरी कन्या और महाराज दशरथ की पुत्रवधू "देवी उर्मिला" माता सीता की ही छोटी बहन थी. उनका विवाह महाराजा राम के अनुज लक्ष्मण के साथ हुई थी. रामायण की कथा में " देवी उर्मिला" एक साधारण महत्व की तरह अंकित की गयीं. जबकि सत्य यही था कि "उर्मिला" का त्याग और समर्पण अतुलनीय था अनमोल था. उर्मिला ने जो दुःख सहे उसपर तो वो आंसू भी बहा बना पाई.
वन गमन के समय जब उर्मिला भी एक पतिव्रता स्त्री कि तरह अपने पति लक्ष्मण जी के साथ जाना चाहती थी तो लक्ष्मण जी ने उन्हें ले जाने से इंकार कर दिया. उर्मिला ने बहुत मिन्नतें कि वो अपने पति कि सेवा करना चाहती हैं, पति के हर दुःख सुख कि साथी बनना चाहती हैं पर लक्ष्मण जी ने कहा अगर तुम मेरे साथ रहोगी तो मै अपने धर्म का पालन नहीं कर पाउँगा. मै अपने भ्राता राम और भाभी सीता की सेवा करने के लिए जा रहा हूँ, मै नहीं चाहता की मेरी सेवा में कोई भी कमी रह जाये.
लक्ष्मन जी ने जाते जाते उर्मिला को ये भी कहा जब मै अयोध्या में नहीं रहूँगा तब हमारे माता -पिता का ख्याल रखना. हमारे चले जाने से हमारे माता-पिता और परिवार वालों को जो संताप होगा, तुम उस विकट क्षणों में उन्हें सहारा और सहानुभूति देना.
उर्मिला के उस नवयौवन कंधो पर इतना बड़ा दायित्व डाल कर लक्ष्मण चले गए. वो पल, वो जीवन सरिता जो कोई भी नववधू अपने पति के साथ गुजारती है, वो उर्मिला के नसीब में नहीं लिखी गयी थी. उर्मिला ने १४ वर्षो तक अपने पति के वियोग में तड़प तड़प कर गुज़ारा. उस पतिव्रता स्त्री ने जीवन के चंचल पड़ाव पर भी, अपने पति से दूर रहने पर भी लेशमात्र भी किसी और का ध्यान नहीं किया. यह उर्मिला का अखंड पतिव्रत धर्म था, यह उर्मिला की अवर्णित, अचर्चित, अघोषित महानता थी. उर्मिला के महान चरित्र, अखंड पतिव्रत, स्नेह और त्याग की चर्चा रामायण में अपेक्षित थी पर वो हो न सका.
सबसे विकट क्षणों में भी उर्मिला आंसू न बहा सकी क्योंकि उनके पति लक्ष्मण ने उनसे एक और वचन लिया था की वो कभी आंसू न बहायेंगी, क्यूंकि अगर वो अपने दुःख में डूबी रहेगी तो परिजनों का ख्याल नहीं रख पाएंगी. ये कोई कल्पना कर सकता है की अपने पति को १४ वर्षो के लिए अपने से दूर जाने देना और उसकी विदाई पर आंसू भी न बहाना किसी नवविवाहिता के लिए कितना कष्टकारी हो सकता है? कितना हृदयविदारक पल था वो जब परम पूज्यनीय पिता स्वरुप श्वसुर महाराज दशरथ स्वर्ग सिधार गए, पर वचन के सम्मान रखने के लिए उर्मिला तब भी न रोई. महाराज जनक अपनी पुत्री को मायके अर्थात मिथिला ले जाना चाहते थे ताकि माँ और सखियों के सान्निध्य में उर्मिला का पति वियोग का दुःख कुछ कम हो सके परन्तु उर्मिला ने मिथिला जाने से सादर इंकार कर दिया, ये कहते हुए की अब पति के परिजनों के साथ रहना और दुखो में उनका साथ न छोड़ना ही अब उसका धर्म है.
वचन निभाने की जिस परम्परा के कारण रघुकुल वन्दनिये रहा, उसके सर्वोच्य स्थानों में उर्मिला का नाम भी होना वांछनीय था. उर्मिला ने जो कष्ट उठाये उसकी महत्व को अंकित कर पाना मुश्किल है. "देवी उर्मिला" का चरित्र, साहस, पवित्रता, सहजता, पतिव्रत धर्म, सेवा और त्याग की प्रतिमूर्ति है. उर्मिला का व्यक्तित्व सदा सम्मानिये और पूज्यनीय है.
Tags:-
Devi urmila, king dashrath, king janaka, devi sita, lord ram, lakshman, ramayan, Ramayana, ayodhya, raghukul