चन्द्रमा से झड़ता है अमृत
Posted by:
neerus
2011-10-08 06:06:05
805 Views
अश्विनमास के शुक्ल पक्ष पर पड़ने वाली पूर्णिमा शरद पूर्णिमा कहलाती है. ज्योतिषशास्त्र के अनुसार पूरे साल में केवल इसीदिन चन्द्रमा सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है. इसे 'रासोत्सव' या कौमुदी-महोत्सव' भी कहते हैं. शास्त्रानुसार भगवान श्रीकृष्ण ने इसी तिथि को महारास रचा था. इसलिये व्रज में इस पर्व को विशेष उत्साह के साथ मनाया जाता है.
शरदपूर्णिमा की रात्रि में चन्द्रमा की चाँदनी में अमृत का निवास रहता है. इसलिये उसकी किरणों से अमृत्व और आरोग्य की प्राप्ति सुलभ होती है.
व्रत - विधान - इस दिन प्रातः काल स्नादि करने के पश्चात अपने आराध्य देव को सुन्दर वस्त्राभूषण से सुशोभित करके उनका यथाविधि षोडशोपचार पूजन करना चाहिये. अर्धरात्रि के समय गो-दुग्ध से बनी खीर का भगवान को भोग लगाना चाहिये. खीर से भरे पात्र को रात में खुली चाँदनी में रखना चाहिये. इसमें रात्रि के समय चन्द्रकिरणों के द्वारा अमृत गिरता है. पूर्ण चन्द्रमा के मध्याकाश में स्थित होने पर उनका पूजन कर अर्घ्य प्रदान करना चाहिये. इस दिन कांस्य पात्र में घी भर सुवर्णसहित ब्राह्मण को दान देने से मनुष्य ओजस्वी होता है.
प्राचीन मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा की रात्रि में भगवती लक्ष्मी यह देखने के लिये घूमती हैं कि कौन जाग रहा है. इसलिये इसे एक अन्य नाम 'कोजगर' के नाम से भी जाना जाता है अर्थात् कौन जाग रहा है. जो जाग रहा होता है देवी लक्ष्मी उसे धन देती हैं. इसलिये इस रात्रि को जाग कर देवी लक्ष्मी की आराधना करनी चाहिये. ऐसा करने से धन, वैभव तथा सम्पन्नता प्राप्त होती है.
Tags:-
sharad purnima, kojagiri purnima, kojagra, devi lakshmi, moon, in full moon, full moon, purnima