क्यों कहते हैं महाशिवरात्रि..
Posted by:
dilipks
2013-03-06 05:45:25
1715 Views
महाशिवरात्रि हिन्दुओं का एक प्रमुख त्योहार है.. यह पर्व फाल्गुन महीनें के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनाया जाता है.. लेकिन लोगों के जेहन में एक अहम सवाल आता है कि इस दिन ही क्यों मनाया जाता है शिवरात्रि पर्व? इसके पीछे क्या है तर्क? हम आपको बता दें कि ऐसी मान्यता है कि सृष्टि की रचना इसी दिन हुई थी.. इसी दिन मध्यरात्रि में भगवान् शंकर का ब्रह्मा से रुद्र के रूप में अवतरण हुआ था.. प्रलय के समय में इसी दिन प्रदोष के समय भगवान शिव तांडव करते हुए ब्रह्मांड को तीसरे नेत्र की ज्वाला से समाप्त कर देते हैं.. इसीलिए इसे कहा जाता है महाशिवरात्रि अथवा कालरात्रि..
संहार शक्ति और तमोगुण के अधिष्ठाता हैं शिव..
कहा जाता है कि जिस तिथि का स्वामी जो देवता हैं, उस देवता का उस तिथि में व्रत पूजन करने से उस देवता की विशेष कृपा उपासक को प्राप्त होती है.. गौरतलब है कि चतुर्दशी तिथि के स्वामी शिव हैं अथवा शिव की तिथि चतुर्दशी है.. इसलिए उस दिन भगवान शिव का व्रत-पूजन करने से भक्तों को महादेव की असीम कृपा सहजता से प्राप्त हो जाती है.. परंतु महाशिवरात्रि पर्व मनाए जाने के पीछे कई मान्यता है.. ईशान संहिता के अनुसार फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी को अर्द्ध रात्रि में ‘ज्योतिर्लिग का प्रादुर्भाव होने से यह पर्व महाशिवरात्रि के नाम से विख्यात हुआ.. भगवान शंकर संहार शक्ति और तमोगुण के अधिष्ठाता हैं.. अत: तमोमयी रात्रि से उनका स्नेह होना स्वाभाविक ही है.. रात्रि संहारकाल की प्रतिनिधि है ऐसी दशा में शिव का रात्रि प्रिय होना सहज ही हृदयंगम हो जाता है.. इनकी अराधना रात्रि एवं सदैव प्रदोषकाल में भी की जाती है.. शिवार्चन एवं जागरण ही इस व्रत की विशेषता है.. इसमें चार प्रहर में चार बार पूजा का विधान है.. वैसे विद्याओं की आकांक्षा करने वाले को शिव पूजन आवश्यक है- ‘विद्याकामस्तु गिरिशं’ ..
बताया जाता है कि महाशिवरात्रि के पीछे एक और मान्यता रही है कि सागर मंथन के समय कालकेतु विष निकला था.. उस समय भगवान शिव ने संपूर्ण ब्रह्मांड की रक्षा करने के लिये स्वयं ही सारा विषपान कर लिया था.. विष पीने से भोलेनाथ का कंठ नीला हो गया.. और वे नीलकंठ के नाम से प्रसिद्ध हो गए.. पुराणों के अनुसार विषपान के दिन को ही महाशिवरात्रि के रूप में मनाया जाने लगा.. हालांकि शिव पार्वती के विवाह के रूप में भी इसे मनाने की परंपरा रही है..
कैसे करें पूजन...
सर्वप्रथम शिवलिंग का पंचामृत से अभिषेक करें और आंक के फूल, धतूरे और भांग, बेलपत्र, केसर युक्त चंदन आदि से शिवलिंग की पूजा कर मेवे का भोग लगाएं.. ओम नम: शिवाय का जाप करते हुए रात्रि जागरण करें.. 4प्रहर की पूजा करनी चाहिए,जिसमें मध्यरात्रि का विशेष महत्व है..
Tags:-
Shivratri, Mahashivratri, Why, शिवलिंग, चतुर्दशी, kalratri, कालरात्रि, विष, नीलकंठ,