एकवेणी जपाकर्णपूरा नग्ना खरास्थिता
लम्बोष्ठी कर्णिकाकर्णी तैलाभ्यक्तशरीरिणी
वामपादोल्लसल्लोहलताकण्टकभूषणा
वर्धनमूर्धध्वजा कृष्णा कालरात्रिनिर्भयंकरी
कालरात्रि माता दुर्गा की सातवीं शक्ति के नाम से जानी जाती हैं. नाम के अनुसार ही इनके शरीर का रंग घने अंधकार की तरह एकदमकाला है. सिर के बाल बिखरे हुये हैं. गले में विद्युत की तरह चमकने वाली माला है. त्रिनेत्रों वाली इन माता के तीनों नेत्र ब्राह्मण के समान गोल हैं. इनसे विद्युत के समान चमकीली किरणें निःसृत होती रहती हैं. इनकी नासिका के श्वास-प्रश्वास से अग्नि की भयंकर ज्वालाएँ निकलती रहती हैं. इनका वाहन गर्दभ (गदहा) है. ऊपर उठे हुये दाहिये हाथ की वरमुद्रा से सभी को वर प्रदान करती हैं. दाहिनी तरफ़ का नीचे वाला हाथ अभयमुद्रा में बायीं तरफ़ के ऊपरवाले हाथ में लोहे का काँटा तथा नीचे वाले हाथ में खड्ग (कटार) है.
माँ कालरात्रि का स्वरुप देखने में अत्यन्त भयानक है, लेकिन ये सदैव शुभ फ़ल ही देने वाली हैं. इसी कारण इनका एक नाम शुभंकरी भी है. अतः इनसे भक्तों को किसी भी प्रकार से भयभीत अथवा आतंकित होने की आवश्यकता नही है.
नवरात्र के सातवें दिन माँ कालरात्रि की पूजा उपासना का विधान है. इस दिन साधक का मन 'सहस्त्रार' चक्र में स्थित रहता है. उसके लिये ब्राह्माण की समस्त सिद्धियों का द्वार खुलने लगता है. इस चक्र में स्थित साधक का मन पूर्णतः माँ कालरात्रि के स्वरुप में अवस्थित रहता है. उनके साक्षात्कार से मिलने वाले पुण्य का वह भागी हो जाता है. उसके समस्त पापों-विघ्नों का नाश हो जाता है. उसे अक्षय पुण्य-लोकों की प्राप्ति होती है.
दुष्टों का विनाश करने वाली इन माँ कालरात्रि का स्मरण मात्र से भूत,प्रेत आदि भयभीत होकर भाग जाते है. माँ कालरात्रि ग्रह-बाधाओं को भी दूर करने वाली हैं. इनके उपासक को अग्नि-भय, जल-भय, जन्तु-भय, शत्रु-भय, रात्रि भय आदि कभी नहीं होते. इनकी कृपा से वह सर्वथा भय-मुक्त हो जाता है.
माँ कालरात्रि के स्वरुप-विग्रह को अपने हृदय में अवस्थित करके मनुष्य को एकनिष्ठ भाव से उनकी उपासना करनी चाहिये. यम, नियम, संयम का उसे पूर्ण पालन करना चाहिये. मन, वचन, शरीर की पवित्रता रखनी चाहिये. यह शुभंकरी देवी हैं. इनकी उपासना से होने वाले शुभों की गणना नही की जा सकती. हमें निरन्तर उनका स्मरण, ध्यान और पूजन करना चाहिये.
Tags:-
kalratri, kalratri mantra, kalratri maa, shubhankari, mata subhankari, maa durga, navratri, navdurga, nav durga devi, nav durga katha, nav durga names, nav durga nav roop maiya