काम-दहन का पर्व होली
Posted by:
anjalisen
2012-02-24 05:04:32
1016 Views
रंगो का त्यौहार होली पूरे भारतवर्ष में बहुत ही उत्साह व उल्लास के साथ मनाया जाता है. यह रंगो का ही नही वरन् एक सामाजिक एवं धार्मिक त्यौहार भी है. इसे बालक-वृद्ध, नर-नारी सभी वर्ग बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं. इसमें वर्ण अथवा जातिभेद को कोई स्थान नही है. इस अवसर पर लकड़ियों तथा कंड़ो आदि का ढ़ेर लगाकर होलिका पूजन किया जाता है, फ़िर निम्न मंत्र का उच्चारण करके उसमें आग लगाई जाती है.
असृक्पाभयसंत्रस्तैः कृता त्वं होलि बालिशः
अतस्त्वां पूजयिष्यामि भूते भूतिप्रदा भव
इस पर्व को नवन्नेष्टि यज्ञपर्व भी कहा जाता है. खेत से नवीन अन्न को यज्ञ में हवन करके प्रसाद लेने की परम्परा भी है. उस अन्न को होला कहते हैं. इसी से इसका नाम होलिकोत्सव पड़ा.
प्रचलित कथा के अनुसार इस पर्व का सम्बन्ध 'काम-दहन' से है. भगवान शंकर ने अपनी क्रोधाग्नि से कामदेव को भस्म कर दिया था तभी से इस पर्व का प्रचलन हुआ.
सर्वाधिक प्रचलित कथा के अनुसार यह पर्व हिरण्यकशिपु की बहन की स्मृति में मनाया जाता है. माना जाता है हिरण्यकशिपु की बहन होलीका वरदान के प्रभाव से नित्यप्रति अग्नि-स्नान करती और जलती नही थी. हिरण्यकशिपु ने अपनी बहन से प्रह्लाद को अग्निस्नान कराने को कहा. उसने सोचा कि ऐसा करने से प्रह्लाद जल जल जायेगा तथा होलिका बच जायेगी, परन्तु होलिका तो जल गई लेकिन भगवान विष्णु की कृपा से प्रह्लाद बच गया तभी से यह पर्व आनन्दोल्लास के साथ मनाया जाने लगा.
Tags:-
Holi, holi festival, lord shiva, hiranyakashyap, holika, prahlad, agni, lord vishnu