भविष्य पुराण के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन किये गये सभी कर्मो का फ़ल अक्षय हो जाता है, इसलिये इसका नाम अक्षय पड़ा.
यदि यह तृतीया कृत्तिका नक्षत्र से युक्त हो तो विशेष फ़लदायिनी होती है. भविष्य पुराण यह भी कहता है कि इस तिथि की युगादि तिथियों में गणना होती है क्योकि कृतयुग (सत्ययुग) का (कल्पभेद से त्रेतायुग का) प्रारम्भ इसी तिथि से हुआ है.
अक्षय तृतीया में तृतीया तिथि, सोमवार और रोहिणी नक्षत्र तीनों का सुयोग बहुत श्रेष्ठ माना जाता है. किसानों में लोकविश्वास है कि यदि इस तिथि को चन्द्रमा के अस्त होते समय रोहिणी आगे होगी तो फ़सल के लिये अच्छा होगा और यदि पीछे होगी तो उपज अच्छी नही होगी.
इस सम्बन्ध में एक लोककहावत काफ़ी प्रचलित है -
अखै तीज रोहिणी न होई, पौष अमावस मूल न जोई
राखी श्रावणों हीन बिचारो, कातिक पूनो कृतिका टारो.
महि माहीं खल बलहिं प्रकासै, कहत भड्डरी सालि बिनासै
अर्थात् वैशाख की अक्षय तृतीय को यदि रोहिणी न हो, रक्षाबंधन के दिन श्रवण और कार्तिक की पूर्णिमा को कृतिका न हो तो पृथ्वी पर दुष्टों का बल बढ़ेगा और उस साल धान की उपज नही होगी.
इस दिन गौरी पूजन का भी विधान बताया गया है. सौभाग्यवती स्त्रियाँ और कन्यायें गौरी पूजा करके धातु या मिट्टी के कलश में जल, फ़ल, फ़ूल, तिल, अन्न आदि भरकर दान करती हैं. गौरी-विनायकोपेता के अनुसार गौरीपुत्र गणेश की तिथि चतुर्थी का संयोग यदि तृतीया में होता है तो वह अधिक शुभ फ़लदायी होती है. इस तिथि को सुख-समृद्धि और सफ़लता की कामना से व्रतोत्सव के साथ ही अस्त्र-शस्त्र-आभूषण आदि बनवायें, खरीदे और धारण किये जाते हैं. नयी भूमिका क्रय, भवन, संस्था आदि का प्रवेश इस तिथि को शुभ फ़लदायी माना जाता है.
Tags:-
akshaya tritiya, gold, jewelry, ganesh chaturthi, gauri pujan, ganesh puja, rakhi, rakshbandhan