असंभव से संभव की ओर....
Posted by:
dilipks
2013-01-02 04:49:41
1641 Views
अगर इंसान की इच्छा शक्ति उसके साथ हो तो वह मुश्किल से मुश्किल कार्य को भी बड़े आसानी से कर सकता है... मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़संकल्प इंसान को रंक से राजा और एक अज्ञानी को महान ज्ञानी बना सकती है... इस तरह के उदाहरण न केवल भारतीय इतिहास में बल्कि विश्व इतिहास में भी देखने को मिलते रहे हैं.. चाहे बात सिकंदर महान और नेपोलियन की हो या सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य की, जो अपनी इच्छाशक्ति और संकल्प के कारण ही संसार में प्रसिद्ध हुए..
इसी प्रकार जब हम भारतीय इतिहास के महापंडितों पर दृष्टि डालते हैं तो आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी, महाकवि कालिदास और बरदराज जैसे महापुरुषों की जीवनकथा भी हमें दृढ़संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति अर्जित करने की ओर प्रेरित करती है... कभी रत्नाकर के नाम से चोरी और लूटपाट करने वाले वाल्मीकि जी ने अपने संकल्प से खुद को आदिकवि के स्थान तक पहुंचाया और “वाल्मीकि रामायण” के रचयिता बने... तो वहीं अपनी मूर्खता के लिए संसार प्रसिद्ध कालिदास ने अपने मजबूत इच्छा शक्ति और संकल्प से महाकवि कालिदास के नाम से विख्यात हए.. उनके श्लाघ्य कृतियों के कारण उन्हें भारत का शेक्सपियर भी कहा जाता है... उसी तरह लघुसिद्धांत कौमुदी के रचयिता बरदराज भी अपने मंदबुद्धिता के कारण पाठशाला में सहपाठियों के बीच हंसी का पात्र बना रहता था... जिसने दृढसंकल्प और इच्छाशक्ति के बल पर संस्कृत भाषा का महान व्याकरण ग्रंथ लघु सिद्धांत कौमुदी लिख दिया, जिसका आज भी अध्ययन किए बिना संस्कृत का पूर्ण ज्ञान संभव नहीं और पढ़ लेने पर संस्कृत व्याकरण की योग्यता में संदेह भी नहीं...
आज के आधुनिक युग में भी मानव की इच्छाशक्ति और दृढसंकल्प का ही परिणाम है कि मनुष्य अंतरिक्ष में अपना कदम बढा चुका है और ये साबित कर दिया है कि सही दिशा में मजबूत इच्छा शक्ति और दृढसंकल्प के साथ किया गया प्रयास के द्वारा कुछ भी हासिल किया जा सकता है... इस तरह ये सत्यापित एवं प्रमाणित है कि इच्छाशक्ति के साथ कार्य करने वाला इंसान अपने लक्ष्य के मार्ग में आनेवाली किसी भी कठिनाइयों को लांघ सकता है और दृढ़निश्चय, साहस एवं सहनशक्ति जैसे गुण को प्रकट कर अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकता है... इसके माध्यम से इंसान स्वयं में परिवर्तन कर समाज और सभ्यता को एक नया आयाम दे सकता है.. इच्छाशक्ति और संकल्प के साथ मनुष्य द्वारा किया जाने वाला प्रयास बाह्य बाधाओं और आंतरिक कठिनाइयों को लांघने के लिए मनुष्य की मानसिक शक्तियों को एकजुट करता है, ये ऐसा मूलमंत्र है जिसके बल पर मानव हर असंभव कार्य को संभव बना सकता है..
Tags:-
संभव, असंभव, इच्छाशक्ति, संकल्प, वाल्मीकि, कालिदास, बरदराज, चंद्रगुप्त, सिकंदर