अयोध्या इतिहास के आइने से
Posted by:
kirtimitra
2011-11-26 04:55:21
1115 Views
वैसे तो हमारे देश में कई ऐसे स्थल या नगर हैं जिन्हें देवताओं की नगरी कहा जाता है, क्योंकि देवताओं का वहां आगमन हुआ या देवताओं ने वहां कुछ वक़्त बिताया, परन्तु पुराणों के अनुसार अयोध्या को देवताओं ने ही बसाया था और देवताओं द्वारा ही यह पुष्पित, पल्लवित हुआ. अयोध्या ब्रह्मा जी के मानस पुत्र "मनु" द्वारा बसाया गया था परन्तु अथर्वेद के अनुसार वैवश्तावा मनु के ज्येष्ठ पुत्र "इक्ष्वाकु" ही प्रथम राजा हुए. इसलिए ये इक्ष्वाकु वंश कहे गए. परन्तु वैवश्तावा का अर्थ पुराणों के अनुसार सूर्य किरण होता है. इसलिए ये इक्ष्वाकुवंशीय "सूर्यवंशी" के रूप में प्रचलित हुए.
आगे चलकर इक्ष्वाकु वंश के छठी पीढ़ी में एक अत्यंत महान प्रतापी राजा हुए "राजा पृथु". उनकी पुण्य और प्रताप समस्त धरती पर छा गया और उनके ही नाम पर यह धरती "पृथ्वी" कहलाई. इस वंश के 31वें राजा "सत्यवादी हरिश्चंद्र" अपनी सत्यनिष्ठा के कारण पूरी पृथ्वी पर अतुलनीय रहे. सर्वप्रथम "अश्वमेघ यज्ञ" द्वारा सारे संसार में अपना कीर्ति पताका फहराने की परंपरा की शुरुआत भी इशी वंश में आगे चलकर उत्पन्न हुए राजा "राजा सगर" ने की. राजा सगर महाराज बाहुक के पुत्र थे. इस सूर्यवंश के राजाओं की महानता, पुण्यता औत तप इतनी ज्यादा थी कि राजा सगर के प्रपौत्र और महाराज दिलीप के पुत्र " महर्षि भागीरथ" ने पवन माँ गंगा को स्वर्गलोक से धरती पर आने के लिए विवश कर दिया. आखिर माँ गंगा धरती पर आई और हमेशा हमेशा के लिए धरती को पवन करने के लिया यहीं रह गयी.
महर्षि भागीरथ के पुण्य और तप को समेटे हुए इस वंश में पैदा हुए "राजा रघु" जिनकी हृदयशीलता और प्रजा के प्रति न्यायप्रियता के कारण यह वंश "रघुवंश" कहा जाने लगा. रघुवंश में उत्पन्न हुए महाराज रघु के पौत्र "महाराज दशरथ". महाराज दशरथ कि न्यायप्रियता और वचनबद्धता संसार कभी नहीं भूलेगा. अपनी पत्नी कैकयी को दिये एक वचन का मान रखने के लिए ही उन्होंने अपने प्रिये पुत्र राम को वन जाने का आदेश दे दिया और पुत्र वियोग में तड़प-तड़प कर स्वयं मृत्यु को वरन किया.
दशरथ पुत्र "भगवान राम" भगवान विष्णु के सातवें अवतार के रूप में पृथ्वी पर अवतरित हुए. राम रघुवंश के परम पराक्रमी, अति न्यायप्रिय और प्रजा के लिए कुछ भी न्यौछावर कर देने वाले राजा के रूप में योगों-युगों तक अमर हो गए. राम के पुत्र लव-कुश ने अपने पिता कि ही तरह राजभार संभाला परन्तु भगवान राम के बाद कोई और रघुवंशी राजा ज्यादा ख्याति अर्जित नहीं कर सका. इतिहास के साक्ष्यों के अनुसार इस वंश कि 93वीं पीढ़ी में पैदा हुए "राजा वृहदल" इस वंश के अंतिम राजा थे, जो कुरुक्षेत्र के युद्ध में दुर्योधन कि ओर से लड़ते हुए अभिमन्यु द्वारा मारे गए.
इस प्रकार अयोध्या सूर्यवंशी के सहारे युगों युगों तक पल्लवित होती रही परन्तु आज अयोध्या सबसे ज्यादा भगवान राम की जन्मभूमि, उनकी कर्मभूमि, उनकी कर्तव्यपरायणता, और उनकी न्यायप्रियता के कारण अमर है.
Tags:-
Ayodhya, ayodhya archaeology, ayodhya city, ayodhya dham, ayodhya kand, ayodhya nagari, ayodhya nagar, ayodya palace