इस साल 02 मई को पड़ने वाली “अक्षय तृतीया” पर 11 साल बाद “खरीदी” का “महासंयोग” बन रहा है। वैशाख शुक्ल तृतीया को “अक्षय तृतीया” कहते हैं। इस दिन पूजा-अर्चना और दान करने से चीर स्थायित्व पुण्य की प्राप्ति होती है। यदि यह व्रत सोमवार और रोहिणी नक्षत्र में आए तो “महाफलदायक” माना जाता है और यदि तृतीया मध्याह से पहले शुरु होकर प्रदोण काल तक रहे तो, “श्रेष्ठ” माना जाता है। इस दिन दिये गये दान का बड़ा माहात्म्य माना जाता है क्योंकि इस दिन से सतयुग का आरंभ होता है और इसलिए इसे “युगादि तृतीया” भी कहते हैं। इसके अतिरिक्त इसे “अखतीज” और “वैशाख तीज” के नाम से भी जाना जाता है। इस पर्व को भारतवर्ष के सबसे खास त्यौहारों की श्रेणी में रखा जाता है।
चार स्वंयसिद्ध अभिजित मुहूर्त में से एक है “अक्षय तृतीया”-
भारतीय काल गणना के अनुसार “अक्षय तृतीया” चार स्वंयसिद्ध अभिजित मुहूर्त में से एक है –
प्रथम - चैत्र शुक्ल प्रतिपदा अर्थात् गुड़ी पड़वा
द्वितीय - आखातीज अर्थात् अक्षय तृतीया
तृतीय - दशहरा
चतुर्थ - दीपावली के पूर्व की प्रदोष तिथि
“अक्षय तृतीया” का शाब्दिक अर्थ -
वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को “अक्षय तृतीया” या “आखा तृतीया” अथवा “आखातीज” भी कहते हैं। “अक्षय” का शाब्दिक अर्थ है – जिसका कभी नाश ना हो अर्थात् जो सदैव स्थायी बना रहे। इस संसार में “सत्य” एकमात्र ऐसा कारक है जो सर्वदा स्थायी बना रहेगा। सत्य परमात्मा है, जो संसार हर कण में अक्षय, अखण्डता और सर्वव्यापकता के रुप मे विद्यमान है। यह अक्षय तृतीया तिथि “ईश्वरीय तिथि” है। इसी दिन नर-नारायण, परशुराम और हयग्रीव का अवतार हुआ था इसलिए इनकी जयंतियां भी “अक्षय तृतीया” के दिन ही मनाई जाती है। अंकों में विषम अंकों को विशेष रुप से ‘3’ को अविभाज्य यानी “अक्षय” माना गया है इसी कारण तिथियों में शुक्ल पक्ष की “तीज” यानी तृतीया को विशेष महत्तव दिया गया है।
“अक्षय तृतीया” का खास महत्तव –
अक्षय तृतीया के रुप में प्रख्यात वैशाख शुक्ल तीज को स्वंय सिद्ध मुहुर्तों में से एक माना गया है। ऐसी मान्यता है कि इस तिथि में आरंभ किए गए कार्यों में कम प्रयास से ही ज्यादा-से-ज्यादा सफलता मिलती है। अक्षय तृतीया में 42 घरी और 21 पल होते हैं। अक्षय तृतीया के दिन नए कार्य शुरु करने, स्वर्ण खरीदने और अध्ययन के लिए सर्वाधिक महत्तवपूर्ण माना गया है। अक्षय तृतीया के दिन गंगा स्नान का भी विशेष महत्तव है और स्नान करके जौ का हवन, जौ का दान, सत्तू को खाने से मनुष्य के सभी पापों का नाश होता है। इस दिन जो भी अच्छा काम किया जाता है, उसका फल कभी समाप्त नहीं होता है और अगर कोई बुरा काम किया जाता है तो उस काम का परिणाम कई जन्मों तक पीछा नहीं छोड़ता है।
कैसे रखें “अक्षय तृतीया” का व्रत -
अक्षय तृतीया का व्रत रखना बहुत ही शुभ माना गया है। इस दिन सुबह भोर में जल्दी उठें और घर की सफाई और नित्य कर्म से निवृत्त होकर पवित्र और शुद्ध जल से स्नान करें। पूजन स्थान पर भगवान विष्णु की मूर्ति या चित्र स्थापित करें और व्रत वाले दिन इस मंत्र का जाप करें -
ममाखिलपापक्षयपूर्वक सकल शुभ फल प्राप्तये।
भगवत्प्रीतिकामनया देवत्रयपूजनमहं करिष्ये।।
साफ मन से व्रत का संकल्प लेकर भगवान विष्णु को पंचमृत से स्नान कराएं और षोडशोपचार विधि से भगवान विष्णु का पूजन करें और ताजा फूलों की सुगंधित पुष्पमाला पहनाएं। नैवेघ में जौ या गेहूं का सत्तु, ककड़ी और चने की दाल का भोग लगायें। साथ ही भगवान विष्णु के नाम का लगातार जाप करते रहें और अंत में तुलसी पर जल चढ़ा कर भक्तिपूर्वक आरती करें।
“अक्षय तृतीया” की कथा –
प्राचीन काल में सदाचारी तथा देव-ब्राहम्णों में श्रद्धा रखने वाले धर्मदास नाम का एक वैश्य हुआ करता था। उसका परिवार बहुत बड़ा था इसलिए वह सदैव व्याकुल रहता था जब उसने किसी से अक्षय तृतीया के व्रत के महात्मय के बारे में सुना तो कालांतार में जब यह पर्व आया तो उसने गंगा स्नान किया और विधिपूर्वक देवी-देवताओं की पूजा की। गोले के लड्डू पंखा, जल से भरे घड़े, जौ, गेंहू, नमक, सत्तू, दही, चावल, गुड़, सोना तथा वस्त्र आदि दिव्य वस्तुएं ब्राह्मणों को दान की। स्त्री के बार-बार मना करने, कुटुम्बजनों से चिंतित रहने तथा बुढ़ापे के कारण अनेक रोगों से पीड़ित होने पर भी वह अपने धर्म-कर्म और दान-पुण्य से विमुख ना हुआ। यही वैश्य दूसरे जन्म में कुशावती का राजा बना। अक्षय तृतीया के दिन किए गए दान के प्रभाव से ही वह बहुत धनी और प्रतापी बना। वैभव संपन्न होने पर भी उसकी बुद्धि कभी धर्म से विचलित नहीं हुई। पुराणों के अनुसार अक्षय तृतीया पर दान-धर्म करने वाले व्यक्ति को वैकुंठ धाम में जगह मिलती है इसीलिए इस दिन को दान का महापर्व भी माना जाता है।
“अक्षय तृतीया” स्वयंसिद्ध मुहूर्त –
भारतीय ज्योतिषशास्त्र में अक्षय तृतीया को स्वंयसिद्ध मुहूर्त माना गया है। ऐसी मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन मांगलिक कार्य जैसे- विवाह, गृहप्रवेश, व्यापार या उघोग का आरंभ करना अति शुभ फलदायक सिद्ध होते हैं। अक्षय तृतीया पर सूर्य व चंद्रमा अपनी उच्च राशि में रहते हैं। यह तिथि उन लोगों के लिए विशेष महत्तव रखती है जिनके विवाह के लिए गृह-नक्षत्र मेल नहीं खाते हैं। इस शुभ तिथि पर सैकड़ों लोग दापंत्य जीवन में बंध कर अपने सुखी व सफल जीवन की शुरुआत करते हैं। कई लोगों का गृह-नक्षत्र ऐसा होता है कि काफी तलाश करने के बाद भी उन्हें कोई शुभ-मुहुर्त नहीं मिलता है, उनके लिए भी “अक्षय तृतीया” काफी शुभ होती है। इस दिन महालक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए विशेष अनुष्ठान किए जाते हैं, जिससे अक्षय पुण्य मिलता है।
“वैशाख” का महीना है खास -
वैशाख का महीना सभी महीनों में से सबसे अधिक खास माना गया है। ऐसा माना जाता है कि वैशाख के समान कोई मास नहीं है, सत्ययुग के समान कोई युग नहीं हैं, वेद के समान कोई शास्त्र नहीं है और गंगाजी के समान कोई तीर्थ नहीं है। वैशाख मास की विशिष्टता इसमें पड़ने वाली “अक्षय तृतीया” के कारण अक्षुण्ण हो जाती है। कलियुग के नकारात्मक प्रभाव से बचने के लिए इस दिन भगवान विष्णु की उपासना करके दान अवश्य करना चाहिए। ऐसा करने से निश्चय ही अगले जन्म में समृद्धि, ऐश्वर्य और सुख की प्राप्ति होती है। शास्त्रों में कहा गया है कि इस दिन स्वर्ण, भूमि, पंखा, जल, सत्तू, जौ, छाता, वस्त्र कुछ भी दान कर सकते हैं। इस दिन मात्र “जौ” दान करने से “स्वर्ण” दान के समान फल प्राप्त होता है।
Tags:-
अक्षय तृतीया, महासंयोग, दान, जौ दान, अक्षय तृतीया व्रत, 02 मई 2014, वैशाख, स्वयंसिद्ध मुहूर्त, akshay tritiya 2014