हिन्दु दर्शन में दो भाग हैं : आस्तिक और नास्तिक वेद को प्रमाण मानने वाले दर्शन छह हैं- 1. न्याय, 2.वैशेषिक, 3. सांख्य, 4. योग, 5. मीमांसा और 6. वेदान्त.
नास्तिक दर्शन तीन हैं- चार्वाक, 2. जैन, 3. बौद्ध.
इन दर्शनों में बहुत गहरा चिन्तन है. प्राणिमात्र को जीवन का सच्चा आनन्द कैसे मिले, इसी की इनमें गहराई से खोज की गई है. सभी मानते हैं कि आनन्द प्राप्ति के लिये, मुक्ति के लिये, मोक्ष के लिये सबसे पहली अनिवार्य शर्त है शुद्ध और पवित्र जीवन.
ईश्वर के नाना रुप
वैदिक काल में ॐ, ब्रह्म, इन्द्र, वरुण आदि के रुप में एक ही परमेश्वर की उपासना चलती थी. बाद में जगत की सृष्टि, स्थिति और लय को लेकर भगवान के ब्रह्मा, विष्णु और महेश रुप की, त्रिमूर्ति की उपासना चल पड़ी. पुराण काल में इन तीन देवों को मुख्य माना गया.
ब्रह्माकी तो कम, विष्णु और शिव की उपासना आज भी व्यापक रुप से हिन्दु-धर्म में प्रचलित है. पर ये विष्णु सीमित नही हैं, सर्वव्यापी हैं.
जले विष्णुः स्थले विष्णुर्विष्णुः पर्वतमस्तके
ज्वालामालाकुले विष्णुः सर्व विष्णुमयं जगत्.
चाहे जिस देवता के रुप को प्रणाम करो, सबका प्रणाम इन्हीं के चरणों में पहुँचता है, जैसे आकाश से गिरने वाला जल अन्त में समुद्र में ही जाकर ठहरता है-
आकाशात्पतितं तोयं यथां गच्छति सागरम्.
सर्वदेवनमस्कारः केशवं प्रति गच्छति
भगवान विष्णु के दस अवतार माने गये हैं - मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि.
विष्णु के उपासक वैष्णव कहलाते हैं, शिव के उपासक शैव. कुछ लोग शिव, विष्णु, गणपति और अम्बिका के पंचायतन के भक्त होते हैं. स्मार्त लोग किसी भी विशेष सम्प्रदाय की दीक्षा नही लेते. वे केवल स्मृति में बताये धर्म का पालन करते हैं. इनके अलावा भी अनेक देवी-देवताओं की पूजा-उपासना प्रचलित है.
शंकराचार्य, रामानुजाचार्य, मध्वाचार्य, वल्लभाचार्य, निम्बार्काचार्य आदि धर्माचार्यों ने अद्वैत, विशिष्टाद्वेत, द्वैताद्वैत शुद्धाद्वैत आदि कई सम्प्रदाय चलाये हैं. जिसे जो सम्प्रदाय पसन्द है, वह उसके अनुसार उपासना करता है.
नैतिक आचरण
हिन्दु-धर्म भिन्न-भिन्न उपासना मार्गों में एक बात सर्वत्र है. भक्तिमार्ग हो चाहे ज्ञानमार्ग, योगमार्ग हो चाहे तन्त्रमार्ग सब में पवित्र नैतिक आचरण पर जोर दिया गया है. नैतिकता हिन्दु-धर्म की आधार शिला है. यम और नियम के बिना कुछ नही होता. नियमों से भी अधिक जोर है यम पर. मनु महाराज ने कहा है-
यमान्सेवेत सततं न नित्यं नियमान्बुधः
यमान्पतत्य कुर्वाणो नियमान्केवलान् भजन्.
बुद्धिमान पुरुष केवल नियमों का ही नित्य पालन न करें यमों क सदैव पालन करें. जो केवल नियमों का पालन करता है वह पतित होता है. यम है- ब्रह्मचर्य, दया, क्षमा, ध्यान, सत्य, नम्रता, अहिंसा, चोरी न करना, मधुर स्वभाव और इन्द्रियों का दमन.
नियम हैं - स्नान, मौन, उपवास, यज्ञ, स्वाध्याय, इन्द्रियों का निग्रह, गुरु की सेवा, शौच, क्रोध न करना, प्रमाद न करना.
..... क्रमशः
Tags:-
Hindu, hindu dharma, vedic dharma, vedic dharma sansthan, Hindu philosophy, hindu philosophy of life, hindu philosophy and maya, hindu philosophy about death, hindu philosophy and religion, hindu philosophy environment, hindu philosophy enlightenment