मैली गंगा देख साधुओं ने दिया अल्टीमेटम..
Posted by:
dilipks
2013-01-19 04:18:15
1175 Views
कुंभ नगरी इलाहाबाद में विश्व के कोने-कोने से आए साधू-संतों ने गंगा नदी की दुर्दशा पर क्षोभ व्यक्त करते हुए सरकार और मेला प्रशासन को दिया अल्टीमेटम... व्यथित साधु-संन्यासियों ने गंगा का घटते जलस्तर और मटमैला रंग होने का आरोप लगाते हुए इस बार आर पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है.. साधु-संतों ने संगम पर प्रदर्शन करते हुए सरकार और कुम्भ मेला प्रशासन को कहा है कि अगर एक हफ्ते के अंदर गंगाजल की स्थिति में सुधार नहीं की गई तो वह न सिर्फ बेमियादी आन्दोलन करेंगे बल्कि 27 जनवरी को पौष पूर्णिमा और दूसरे शाही स्नान पर्वों का बहिष्कार करेंगे..
आपको बता दें कि उनका ये अल्टीमेटम उस पतित पावनी गंगा के लिए है जिसमे आस्था की एक डुबकी लगाकर लोग अपने सात जन्मों के पाप धो लेने और मोक्ष की कामना के लिए यहां आते हैं, लेकिन अपने भक्तों के पाप धोते-धोते गंगा अब खुद इतनी मैली हो गई है कि आम आदमी तो क्या साधु-संत भी इसमे डुबकी लगाने की हिम्मत नहीं जुटा रहे हैं..
इस मौके पर अफसोस जताते हुए शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, काशी सुमेरु पीठ के शंकराचार्य नरेन्द्रानंद सरस्वती और टीकर माफी आश्रम के संत हरी चैतन्य ब्रहमचारी ने बताया कि वे इन पर्वों पर केवल गंगा का आचमन करेंगे, डुबकी नहीं लगाएंगे.. जबकि कुम्भ में आए डंडी स्वामी संतों ने तो पहला शाही स्नान का बहिष्कार कर मात्र गंगा का आचमन ही किया था..
संन्यासियों ने यूपी सरकार पर झूठे वादे का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार मेला शुरू होने से पहले कई बार कुम्भ में अविरल व निर्मल धारा का वादा कर चुकी है लेकिन पहला शाही स्नान संपन्न होने के बाद भी गंगा की हालत में कोई बदलाव नहीं आया.. ये वाकई बेहद चिंताजनक है..
आपको मालूम हो कि त्रिवेणी संगम के तट पर लगे कुम्भ मेले में गंगा की धारा दिनों-दिन सिमटती जा रही है और गंगाजल कहीं काला तो कहीं मटमैला होता जा रहा है.. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक़ संगम पर गंगा के पानी में बायोकेमिकल आक्सीजन डिमांड प्रति लीटर 7.4 मिलीग्राम है, जबकि इसकी मात्रा प्रति ली. 3 मिलीग्राम से अधिक नहीं होनी चाहिए...
मिल रही जानकारी के मुताबिक पहला शाही स्नान के पांच दिन बाद गंगा की हालत जब और बदतर हो गई तो तमाम संतों ने संगम पर गंगाजल का मुआयना किया और अपनी नाराजगी जताते हुए सरकार और मेला प्रशासन को अल्टीमेटम दे दिया..
गौरतलब है कि मोक्षदायनी गंगा न केवल हिन्दू आस्था का प्रतीक है बल्कि हमारे देश की जीवन रेखा है.. इसके जलस्तर का घटना और मटमैला होना न केवल गंगा नदी के अस्तित्व पर बल्कि यहां की सभ्यता और संस्कृति पर भी असर डाल सकती है..
Tags:-
गंगा, कुंभ, संगम, मैली गंगा, साधु, अल्टीमेटम, बहिष्कार,