पुराणों के अनुसार देवताओं द्वारा बसायी गई अयोध्या नगरी में, इक्ष्वाकु वंश के एक प्रतापी राजा सगर हुये थे. एक बार जब उन्होंने अश्वमेघ यज्ञ का आयोजन किया तब देवराज इन्द्र जो पहले से ही ही उनसे द्वेष रखता था, वह ईष्या वश अश्वमेघ यज्ञ का घोड़ा चुराकर पाताल लोक ले गया. वहाँ उसने वह घोड़ा कपिल मुनि के आश्रम में छोड़ दिया.
महाराज सगर के सारे पुत्र अश्वमेघ यज्ञ के घोड़े को ढूंढते हुये पालात लोक तक पहुँच गये. उन्होनें जब वह घोड़ा कपिल मुनि के आश्रम में पाया तो कपिल मुनि को चोर समझ, उनका बहुत अपमान किया. उनके दुर्वव्यवहार से कुपित होकर ऋषि कपिल ने राजा सगर के पुत्रों को श्राप देकर भस्म कर दिया. फ़िर उनका उद्धार करने के लिये गंगा को स्वर्ग से धरती पर लाना आवश्यक हो गया परन्तु यह काम बहुत कठिन था. महाराज सगर, उनके बाद महाराज अंशुमान, उनके पुत्र महाराज दिलीप ये काम न कर सके. फ़िर महाराज दिलीप के पुत्र महाराज भगीरथ ने यह निश्चय किया कि वह गंगा को धरती पर लाकर अपने पित्रों का उद्धार करेंगे. उन्होंने गंगा जी को धरती पर लाने के लिये घोर तपस्या की. उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी प्रकट हुये और उन्होंनें गंगा को धरती पर लाने का वरदान भगीरथ को दिया. फ़िर ब्रह्माजी के कहने पर भगीरथ ने भगवान शंकर की आराधना की, ताकि जब गंगा आकार लेकर धरती पर गिरे तो उन्हें अपने शीश पर धारण करें. अन्यथा गंगा के वेग की प्रबलता से धरती फ़ट जाने का डर था.
भगीरथ ने घोर तपस्या की और भगवान शिव को प्रसन्न किया. भगीरथ की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने भगीरथ को वचन दिया दिया कि वह गंगा को अपने शीश पर धारण कर लेंगे.
फ़िर श्रीविष्णु जी के आदेश से, श्रीविष्णु के चरणों से निकल कर गंगाजी आकाश से बड़ी वेग से धरती पर आयीं. भगवान शिव ने उन्हें अपनी जटाओं में समेट लिया और मात्र एक लट को गंगा जी के सामान्य वेग से उतरने के लिए खुला छोड़ दिया. इस प्रकार "गंगा" कुमायूं हिमालय के गोमुख स्थान से होते हुए गंगोत्री हिमनद के रूप में धरती पर उतर आयीं. जिससे भगीरथ का मनोरथ सफ़ल हुआ और धरती से लेकर पाताल तक सबका कल्याण हुआ.
गंगा अपनी धाराओं से तीनों लोकों को पवित्र करती हैं. इसीलिये इन्हें त्रिपथ गामिनी भी कहते हैं. महाराज भगीरथ इन्हें भूलोक लाये, इसलिये मृत्युलोक में इन्हें भागीरथी भी कहा जाता है.
पुराणों के अनुसार जब तक सूरज चाँद रहेंगे तब तक, ये परम पवित्र माता गंगा इस धरती के प्राणियों का कल्याण करेंगी. सम्भव है आने वाले युगों में देवी-देवताओं के प्रति लोगों की आस्था भले कम हो जाये पर गंगा का गौरव कभी कम नही होगा. कवि सदैव इसका गुणगान करेंगे. यह जिस देश में बहेगी वहाँ सदैव हरा-भरा रहेगा. गंगा का पवित्र जल जीवन से मरने तक मानव के लिये उपयोगी होगा.
इस तरह गंगा नदी लाखों लोगों को जीवन देने और जीवन को सुचारू रूप से चलाने के लिए सुविधा उपलब्ध कराने के कारण निस्संदेह एक माँ की तरह हमेशा वन्दनिये रहेंगी.
Tags:-
Ganga, Bhagirath, himalaya, Ayodhya, mata ganga, ganga maiya, earth, devi, devta, lord shiva, lord brahma, lord Vishnu, rishi kapil, indra