मंदिरों के बाहर लगी भक्तों की लंबी कतार, घंटियों की गूंजती आवाज, धूपबत्ती-अगरबत्ती की सुगंध, बेल-पत्रों के नीचे ढके शिव और उन पर पड़ती जल की धारा, कोई शिवचालीसा पढ़ रहा है तो कोई शिवलिंग के चारों ओर कलावा बांध रहा है मानो जैसे सभी भक्त भगवान भोले के रंग में पूरी तरह से रंग से रंग जाना चाहते हैं।
आज शिवरात्रि के पवित्र मौके पर सभी भक्त अपनी पूजा-अर्चना में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।

भारत एक ऐसा देश है जहां ईश्वर की पूजा-अर्चना के साथ-साथ व्रत का भी बहुत महत्तव है चाहें वो जनमाष्टमी व्रत हो, नवरात्री व्रत हो या फिर आज मनाई जा रही शिवरात्रि व्रत हो। आज के दिन भक्त पूरी श्रद्धा के साथ व्रत रखते है। रोज देर से उठने वाले लोग और मोबाइल-कम्यूटर में उलझे रहने वाले छोटे बच्चे भी आज जल्दी उठकर भगवान शिव के दर्शन के लिये लंबी लाइनों में लगने से गुरेज नहीं करते है।

कुछ लोग धार्मिक कारणों से व्रत रखते हैं तो कुछ अपनी मनोकामना पूरी करने के लिये व्रत रखते हैं, लेकिन व्रत रखने के पीछे बहुत से वैज्ञानिक तथ्य भी है। जिस प्रकार हम शरीर को स्वच्छ रखने के लिये प्रतिदिन स्नान करते है, उसी प्रकार व्रत अंर्तमन का स्नान है क्योकि जिस प्रकार हमारे शरीर को स्नान करने के बाद ताजगी और स्फूर्ति का अहसास होता है, उसी प्रकार व्रत रखने से हमारी पाचन शक्ति को ताजगी और स्फूर्ति मिलती है।

रोज की भागदौड़ में घर के खाने के साथ-साथ पिज्जा, बर्गर, समोसा, कोल्ड-ड्रिंक हमारी जिंदगी का हिस्सा बनते जा रहे है, लेकिन व्रत के दिन इन चीजों से किनारा करके हम दूध, दही, फल, जूस, लस्सी जैसी हल्की और शरीर को ताजगी देने वाली चीजे खाते हैं। जिस तरह ज्यादा काम करने से हम मानसिक और शारीरिक रुप से थक जाते है, उसी तरह रोज खाया जाने वाले खाने से हमारी पाचन शक्ति भी थक जाती है। व्रत के दिन हल्का खाना खाने से हमारे पेट और पाचन क्रिया दोनों को आराम मिलता है।

व्रत के दिन लगातार ईश्वर का ध्यान करने
और मंत्रों का जाप करने से हमें मानसिक शांति की अनूभूति होती है क्योंकि आज के
प्रतियोगिता के दौर में दूसरों की बुराई, टीका-टिप्पणी, झूठ बोलना एक आम बात है।
व्रत रखने के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाता है कि किसी की बुराई ना की
जाये और किसी को अपशब्द ना बोले जायें जिससे मन को ठंडा और गुस्से को काबू में
रखने की शक्ति मिलती है।

व्रत चाहें आप श्रद्धा और आस्था के लिये
रखें या फिर अपनी मनोकामना पूरी करने के लिये, लेकिन व्रत हमारी रोज की लेटलतीफी,
थकावट, स्ट्रेस वाले लाइफस्टाइल की जगह हमें ताजगी, अनुशासन और स्फूर्ति से भर
देते है।






Comments:
