होली को आने में अब बस कुछ ही दिन बाकी रह गये है। होली वैसे तो एक पांरपरिक त्यौहार है लेकिन होली भारतीयों का एक देशी अंदाज भी है, अपने तरीके से सर्दीयों को अलविदा कहने का। होली के दिन बस सबके सिर एक ही जूनून होता है कि खुद भी जमकर भीगों और दूसरों को भी जमकर भिगाओं। सर्दी के भारी-भरकम लबादे को छोड़कर हल्के रंग के कपड़े और उन पर पड़े अनगिनत रंगों के छींटे एक अलग ही तरह की तरो-ताजगी और उमंग से आपको भर देते है। बच्चे हो या बूढ़े सब होली के दिन मस्ती के रंग में रंग जाते हैं। होली के नजदीक आते-आते एक तरफ तो घरों की रसोई गुझिया की सौंधी-सौंधी खुशबू से महकने लगती है, तो दूसरी तरफ गली-चौबारे अबीर और गुलाल के रंग-बिरंगे छींटों से रंगने लगते हैं और सबसे ज्यादा मजा तो तब आता है जब होली के दिन सब लोग बंदिशे तोड़ कर पूरी मस्ती के साथ होली के हुड़दंग में शामिल हो जाते हैं।


होली के दिन गुझिया हो, अबीर हो, गुलाल हो या ठंडाई हो लेकिन अगर नाच-गाने का इंतजाम ना हो तो, होली कहीं-ना-कहीं फीकी रह जाती है। होली की बात करें तो, चाहे वो माडर्न होली हो या फिर पारंपरिक होली.... नाच-गाने को भारतीयों ने कभी नहीं छोड़ा है। आज भले ही होली पर डीजे और पार्टीज की व्यवस्था हो गई हो लेकिन जब बात हो भारतीय लोकगीतों की तो होली का हुड़दंग देखते ही बनता है।


 आज भी जब माडर्न डीजे की धुन की जगह ढोल-नगाड़े की देशी बीट पर लोकगीत बजते है तो फिर देखिये आप बढ़े-बूढ़े भी इस कदर नाचते हैं कि आज के युवा भी डांस काम्पीटिशन में उनसे पीछे रह जायेंगें और होली की मस्ती का मजा तो तभी है ना,, जब ये सबके साथ मिलकर मनायी जायें फिर चाहें वो बच्चा हो या बूढ़ा.... ऐसी होली सालों-साल याद रहती है।


बेशक होली पर बालीवुड में काफी गीत बन चुके है लेकिन लोगों की जुबां पर जो गीत चढ़कर बोले है उनमे लोकगीतों के शब्दों का बहुत बड़ा हाथ रहा है। राजस्थान का मशहूर लोकगीत “होली में उड़े रे गुलाल, म्हारा रंग केसरिया”  तो आपको याद होगा ना..... ये गीत उन लोकगीतों में से एक है जो ज्यादातर लोगों की समझ से परे भले ही हो लेकिन पैर खुद-ब-खुद थिरकने लगते हैं। एक दौर था जब फिल्मी पर्दे पर होली के गीतों का कोई अस्तित्व नहीं हुआ करता था, तब यही लोकगीत एकमात्र साधन हुआ करते थे लोगों को झूमने के लिये मजबूर करने के लिये। लेकिन आज भी इन लोकगीतों का देशी जादू बरकरार है और अगर बाते करें होली के फेमस सांग्स की तो “रंग बरसे, भीगे चुनर वाली” और “होली खेले रघुवीरा अवध में” भी लोकगीत ही है। 

“

रंग-बरसे” गीत को मशहूर कवि-लेखक और अमिताभ बच्चन के पिता डा हरिवंश राय बच्चन जी ने लिखा और अमिताभ बच्चन ने अपनी आवाज दी है और आज भी होली पार्टी में ये गीत जमकर बजाया जाता है। होली के दिन अक्सर बजने वाले गीतों में , "होली आई रे कन्हाई रंग बरसे, सुना दे जरा बांसुरी...", "जोगी जी वाह जोगी जी...", "जय-जय शिव शंकर" आज भी नम्बर वन हैं। हमारे देशी गानों का सिलसिला यहीं खत्म नहीं होता "होली के दिन दिल खिल जाते है, रंगों में रंग मिल जाते हैं..." हो या फिर “आज न छोड़ेगे, बस हमजोली खेलेंगे हम होली" या "खेलत नंदलाल, बनारस का रंग डालो फेंको गुलाल" ऐसे गीत है जो होली की मस्ती को दुगुना कर देते हैं।