यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्रतीक है । हिन्दू धर्म में जितना महत्व यज्ञ को दिया गया है उतना ओर किसी को नहीं दिया गया । हमारा कोई भी शुभ अशुभ धर्म कार्य इसके बिना पूरा नहीं होता । जन्म से मृत्यु तक सभी संस्कारों में यज्ञ आवश्यक है । हमारे धर्म में वेदों का जो महत्व है वही महत्व यज्ञों को भी प्राप्त है क्योंकि वेदों का प्रधान विषय ही यज्ञ है । वेदों में यज्ञ के वर्णन पर जितने मंत्र हैं उतने अन्य किसी विषय पर नहीं । यदि यह कहा जाये कि यज्ञ वैदिक धर्म का प्राण है तो इसमें भी अत्युक्ति नहीं । वैदिक धर्म यज्ञ प्रधान धर्म है । यज्ञ को निकाल दें तो वैदिक धर्म निष्प्राण हो जायेगा । यज्ञ से ही समस्त सृष्टि उत्पन्न हुई ।

भगवान स्वयं यज्ञ रूप हैं और तदुत्पन्न सम्पूर्ण सृष्टि भी यज्ञ रूप है तो यज्ञ के अतिरिक्त संसार में कुछ है ही नहीं । चारों वेद भी इस यज्ञ रूप भगवान से उत्पन्न हुए है, अतः यह भी यज्ञ रूप है और उनमें जो कुछ भी है वह भी यज्ञ के अतिरिक्त और कुछ नहीं है । ऋगवेद, यजुर्वेद तथा अथर्ववेद में प्रश्न पूछा है कि मैं तुमसे पूछता हूँ कि सम्पूर्ण जगत को बांधने वाली वस्तु कौन है? इसका उत्तर दिया है कि यज्ञ ही इस विश्व ब्रह्माण्ड को बांधने वाला है । हमारे पूर्वज भली प्रकार जानते थे कि-

स्वास्थ्य सुख सम्पत्ति दाता, दुःख हारी यज्ञ है ।
भूलोक से ले सूर्य तक, शुभ परम पावन यज्ञ है॥
सर्व भूतों के सभी विध, दुख नसावन यज्ञ है ।


इसलिए प्राचीन काल में घर-घर में यज्ञ होते थे इस पुण्य भूमि में इतने यज्ञ होते रहे कि हमारा देश ही यज्ञिय देश कहलाया गया । पहले बड़े-बड़े राजा महाराजा भी यज्ञ के रहस्य को भली प्रकार समझते थे ओर बड़े-बड़े यज्ञों का आयोजन किया करते थे । महाराजा रघु ने दिग्विजय के उपरान्त विश्वजित नामक यज्ञ में समस्तम खजाना खाली कर दिया था । उनके पास धातु का एक पात्र तक नहीं बचा था । पाण्डवों ने भगवान ने कृष्ण की अनुमति से महाभारत के बाद राजसूय यज्ञ कराया था । भगवान राम ने अश्वमेधादि बहुत बड़े-बड़े यज्ञ कराये थे । दैत्यराज बलि ने इतना बड़ा यज्ञ कराया था कि यज्ञ की शक्ति से सम्पन्न होकर उसने इन्द्र को स्वर्गलोक से निकाल दिया था । जिस पर उदिति की तपस्या करने पर, इन्द्र को इन्द्रासन वापिस दिलाने के लिये विवश होकर भगवान को स्वयं वामन रूप में उपस्थित होना पड़ा इन्द्र ने यज्ञों के बल पर ही इन्द्रासन प्राप्त किया था ।